राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता मुस्कान हॉकी कप 2025–26 में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल
नगर पंचायत बोड़ला में आयोजित चार दिवसीय मुस्कान हॉकी कप राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्यभर से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनकी खेल भावना, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत बोड़ला में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है और खिलाड़ियों एवं नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए कि किन अतिरिक्त सुविधाओं का विकास किया जाए, ताकि प्रशिक्षण और अभ्यास का बेहतर वातावरण मिल सके। साथ ही, जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं और शीघ्र ही बोड़ला के विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला हॉकी सहित अन्य खेलों की प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है। यहां के सैकड़ों खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं और कई का चयन भारतीय टीम तक हो चुका है। मुस्कान हॉकी कप जैसी प्रतियोगिताओं से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और लक्ष्यबद्धता का संचार हुआ है।



