मुख्यमंत्री साय सहित जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
राजभवन में आज दीपावली पर्व के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल डेका ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी राज्यपाल डेका को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी तथा राज्यपाल के परिजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम में विविध रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को दर्शाया गया। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य राउत नाच की प्रस्तुति केशव राम यादव एवं उनके दल द्वारा की गई। सूफी गायक पद्मश्री मदन चौहान के मधुर गायन तथा विधायक अनुज शर्मा के भजन प्रस्तुतिकरण ने समारोह के उत्साह को दोगुना कर दिया।
Tags
छत्तीसगढ



