मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत जनशिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को अमरपुर जनपद पंचायत के तहत ग्राम पंचायत खजरी, झिलमिला, सिधौली एवं जनपद पंचायत करंजिया के तहत ग्राम पंचायत बुंदेला, पाटन, रूसा, चंदना, गोरखपुर में शिविरों का आयोजन किया गया। अमरपुर क्लस्टर में आयोजित जनशिविर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के मुख्य आथित्य में संपन्न हुए। विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने ग्राम पंचायत झिलमिला के पथरिया ग्राम में 15वें वित्त के तहत सीसी रोड कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन आपके द्वार तक आपकी समस्याओं का निराकरण करने पहुंच रही है। ग्राम पंचायत खजरीमाल में 15वें वित्त के तहत स्नानघाट का भूमिपूजन किया। विधायक धुर्वे ने ग्राम पंचायत भाखामाल में खरमेर नदी पर घाट निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर वृद्धा पेंशन, मातृत्व वंदना योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, सम्बल कार्ड, प्रसूति सहायता आदि योजनाओं के सम्बन्ध में ग्रामीणों से चर्चा की और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया।
- मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर में 10 जनवरी तक प्राप्त हुए कुल 20269 आवेदन
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत प्रशासन गाँव की ओर की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से जिले में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों सहित नगर परिषद क्षेत्र में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले में अभियान के तहत 392 शिविर आयोजित होने है, जोकि प्रतिदिन जनप्रतिनिधि और अधिकारीगणों के द्वारा संपन्न कराए जा रहे है। जनशिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और राज्य व केन्द्र शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जनवरी तक जिले के सभी सात विकासखंडों और दो नगर परिषद से कुल 20269 आवेदन शिविरों के माध्यम से प्राप्त किये जा चुके है। जिनमें से 17714 आवेदन स्वीकार किये गए है। डिंडोरी शहरी क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल 785 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 760 आवेदन स्वीकृत किये गए। इसी प्रकार डिंडोरी ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 1575 आवेदन में से 1321, शहपुरा ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 3213 आवेदन में से 2983, समनापुर में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 2349 आवेदन में से 2019, बजाग में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 2341 आवेदन में से 1905 , मेहंदवानी में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 2464 आवेदन में से 1834, अमरपुर में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 6376 आवेदन में से 6285,करंजिया में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 1013 आवेदन में से 553 आवेदनों को स्वीकार किया गया। शेष लंबित आवेदनों पर आवश्यक निराकरण की कार्यवाही की जा रही है।
