पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने जनजातीय कार्यविभाग, पॉलीटेक्निक कॉलेज, वन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग और पॉलीटेक्निक कॉलेज में अनुकंपा नियुक्तियाँ प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन विभागांे में शासकीय सेवकों के द्वारा सेवाएं देते हुए निधन होने पर शासन और परिवार की अपूर्णनीय क्षति हुई थी। उक्त क्षति की भरपाई तो नहीं की जा सकती लेकिन उनके परिजनों को स्मृति सुमन शिविर के माध्यम से अनुकंपा नियुक्ति प्रदान कर सबल बनाने का कार्य किया जा रहा है। मंत्री संपतिया उइके शुक्रवार को जिला योजना भवन में आयोजित स्मृति सुमन शिविर अनुकंपा नियुक्ति परिवार का सबल कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। मंत्री संपतिया उइके ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजित शिविर में मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा नगर अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत और सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ और डिप्टी कलेक्टर आशुतोष ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे। मंत्री संपतिया उइके ने आयोजित शिविर में मुकेश धुर्वे, भारती पांडे, सुबरवती बाई, राहुल कुमार धुर्वे, सोमनाथ सोनवानी, गंगा सरौते, गीता भारती, नरेन्द्र सिंह चीचाम, अशोक कुमार उइके, कृष्णकुमार मरावी, संध्या द्विवेदी, नितिन कुमार उइके, नागेश कुमार धुर्वे, प्रियंका पंद्रे, प्रमोद कुमार मरावी, यशपाल धुर्वे, अंकित धुर्वे, गौरवराम नरते, अरविंद, राजेश कुमार कावरे, पवन कुमार गौतम, विवेक कुमार कार्तिकेय, सक्षम तिवारी को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि स्मृति सुमन शिविर के माध्यम से तेईस आवेदकों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। सभी आवेदक अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और पूर्ण निष्ठा के साथ करें। विभाग के द्वारा जो जिम्मेदारी व कार्य सौंपे जाते हैं उन कार्यों को समय पर पूर्ण करें। उन्होंने सभी अनुकंपा नियुक्तिधारक आवेदकों को विभागीय गतिविधियाँ, नियम और कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त कर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कठिनाई या दिक्कत आने पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों से अनिवार्य रूप से मार्गदर्शन लें। मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त सभी शासकीय सेवक अपने परिवार पर आश्रित सभी सदस्यों का भरण-पोषण व देखभाल भी करें। जिससे शासकीय सेवक पर आश्रित किसी भी सदस्य को कठिनाई न हो। उन्होंने सभी शासकीय सेवकों को अपनी पढ़ाई जारी रख आगे बढ़ने के निर्देश दिए। उन्होंने एमपी पीएससी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में भाग लेने तथा अपनी शेष पढ़ाई भी विभागीय अनुमति के आधार पर पूर्ण कर लेने को कहा।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्मृति सुमन शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के द्वारा उन कर्मचारियों के अधिकारों से परिवारों को सहायता प्रदान किया जा रहा है। जिनकी मृत्यु शासकीय सेवा के दौरान हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि शासकीय सेवक की मृत्यु होने पर जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई करना असंभव है, लेकिन उनके परिजनों को जिला प्रशासन के द्वारा संवेदनशील पहल करते हुए स्मृति सुमन शिविर के माध्यम से अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा रही है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आयोजित कार्यक्रम में अनुकंपा नियुक्ति की सेवा शर्तें, पद, प्रक्रिया, क्रियान्वयन सहित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डाला।
