पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल द्वारा SPAD (सिंगनल पासिंग एट डेंजर) की घटनाओं की रोकथाम एवं परिचालन सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय भोपाल के सभागार में एक विस्तृत सुरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में पश्चिम मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी, उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी/मैकेनिकल जबलपुर तथा भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टी.आर.ओ.), वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल/टेलीकॉम इंजीनियर उपस्थित रहे।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि सेमिनार में SPAD जैसी गंभीर घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन, स्वस्थ खानपान, उचित फिटनेस, सतर्कता बनाए रखने हेतु योग/प्राणायाम, माइंडफुलनेस एवं थकान से बचाव के विभिन्न तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
सेमिनार में यह संदेश प्रमुखता से दिया गया कि सतत प्रशिक्षण, जागरूकता और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से SPAD जैसी घटनाओं को पूर्णतः रोका जा सकता है। साथ ही यह भी रेखांकित किया गया कि नियमों का पालन, नियमित स्वास्थ्य जाँच एवं आत्म-अनुशासन ही सुरक्षित संचालन का आधार हैं।
भोपाल मंडल अपने कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने एवं संचालन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने हेतु भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।


