महापौर मालती राय ने एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों एवं एनजीओ की बैठक आहूत कर पखवाड़े की तैयारियों के संबंध में चर्चा की और शहर की स्वच्छता को अधिक बेहतर बनाने का आव्हान किया ।
महापौर मालती राय ने आगामी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक शहर में ‘‘स्वच्छता पखवाड़ा’’ मनाया जाने के संबंध में की जा रही तैयारियों के संबंध में चर्चा की और शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने तथा आमजन को सक्रिय रूप से सहयोग करने हेतु प्रेरित करने का आव्हान किया। महापौर राय ने यह आव्हान महापौर परिषद के सदस्यों, जोन अध्यक्षों एवं स्वच्छता में सहयोग संस्थाओं (एनजीओ) की बैठक में किया। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी, आर.के.सिंह बघेल व आनंद अग्रवाल के अलावा अनेक जोन अध्यक्ष एवं स्वच्छता में सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे ।
महापौर मालती राय ने सोमवार को आईएसबीटी स्थित महापौर सभाकक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी की जयंती 02 अक्टूबर 2025 तक शहर में मनाये जाने वाले ‘‘स्वच्छता पखवाड़े’’ की तैयारियों के संबंध में महापौर परिषद के सदस्यों, जोन अध्यक्षों एवं एनजीओ के प्रतिनिधियों की बैठक आहूत की। महापौर राय ने कहा कि हम अपने शहर को साफ-स्वच्छ रखने हेतु निरंतर प्रयास कर रहे हैं और हम सबके प्रयासों से आज हमारा शहर देश की सबसे स्वच्छ राजधानी होने के साथ ही देश का सबसे स्वच्छ शहर भी है। हमें यहां की स्वच्छता को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराते हुए अपने शहर को स्वच्छता का सिरमौर बनाना है। राय ने कहा कि इसी उद्देश्य के दृष्टिगत आगामी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक ‘‘स्वच्छता पखवाड़ा’’ मनाया जा रहा है जिसके तहत हम सब मिलकर अपने शहर को और अधिक साफ-स्वच्छ बनायेंगे। महापौर राय ने आव्हान किया कि हम सभी अपने-अपने स्तर पर स्वच्छता की गतिविधियों में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करें और अन्य नागरिकों को भी स्वच्छता में सहभागिता हेतु प्रेरित करें ताकि हम अपने शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में सफल हो सकें।


