समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी व प्रदेश अध्यक्ष डॉ मनोज यादव जी के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश के रीवा जनपद के जवा विकासखंड पहुँचा। यह प्रतिनिधिमंडल किसान समृद्धि केंद्र, जवा में 10 सितम्बर 2025 को हुई बर्बर पुलिस कार्रवाई एवं आदिवासी किसान पर हुए अत्याचार की जांच के लिए गठित किया गया था।
गौरतलब है कि यूरिया खाद वितरण के दौरान आदिवासी किसान प्रभु दयाल को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने खाद न मिलने के बहाने बेरहमी से लाठियों से पीटा और थाने तक घसीट ले गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। समाजवादी पार्टी ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा की है।
प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय सचिव एवं किसान नेता शिव सिंह पटेल के नेतृत्व में पीड़ित किसान प्रभु दयाल के घर पहुँचकर उनका हाल जाना और ग्रामीण किसानों से भी संवाद किया। प्रतिनिधिमंडल ने एक माह पूर्व ग्राम रिमारी में फूलन देवी साकेत एवं सुखीनंद साकेत के साथ हुई दबंगई व गंभीर मारपीट की घटना की भी जांच की। पीड़ित परिवारों ने बताया कि वे आज भी दहशत में हैं और गांव में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों मामलों की विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यालय को भेजने का निर्णय लिया है। पार्टी ने पीड़ित परिवारों को हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और थाना घेराव करने की घोषणा भी की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से सपा जिला अध्यक्ष रीवा अमरेश पटेल, जिला अध्यक्ष मऊगंज अनूप यादव, प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी जगदीश सिंह यादव, प्रदेश सचिव संतकुमार पटेल, राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता सभा अशोक यादव, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव राकेश कुमार, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव कमलाकांत यादव, लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव रामचंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह मांडा, सिरमौर विधानसभा अध्यक्ष रामकिशोर आदिवासी, त्यौंथर विधानसभा अध्यक्ष अनुराग मांझी, सपा नेता सज्जन यादव जी, जवा ब्लॉक अध्यक्ष जवाहरलाल पाल, मोतीलाल पाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं किसान नेता उपस्थित रहे।