गणतंत्र दिवस की संध्या पर भारत पर्व का आयोजन

 


गणतंत्र दिवस की संध्या पर स्थानीय आवासीय खेल परिसर में भारत पर्व का आयोजन किया गया। भारत पर्व के तहत कलाकारों ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से अपनी कलाओं का प्रदर्शन किया।  कार्यक्रम में देश भक्ति पर आधारित विभिन्न प्रकार की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई।

 

            भारत पर्व समारोह में भोपाल से आए अशफाक अली एवं करूणा चौहान के दल ने देश भक्ति के विभिन्न गीत प्रस्तुत करते हुए समा बांध दिया। विदिशा से पधारे प्रभुलाल केवट के दल द्वारा ढिमरयाई लोक नृत्य की प्रस्तुति से पूरे सभागृह का वातावरण खुशनुमा हो गया। इसी प्रकार सीहोर की कथक कला केंद्र की बालिकाओं ने मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत किया।

     

      कार्यक्रम के समापन अवसर पर अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह ने सभी कलाकारों एवं आनंद उत्सव के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ नितिन टाले, संयुक्त कलेक्टर आनंद सिंह राजावत, एसडीएम तन्मय वर्मा, नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post