मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान से विदिशा तहसील के ग्राम रुसल्ला के 44 वर्षीय नौनीत राम अहिरवार लाभान्वित हुए हैं। अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज उन्हें स्वामित्व योजना से लाभान्वित करते हुए स्थाई पट्टा वितरित किया गया है। स्थाई पट्टा मिल जाने पर हितग्राही नौनीत राम अहिरवार बेहद खुश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह पिछले 20-25 वर्षों से ग्राम रसल्ला में जिस भूमि पर निवास कर रहे थे उसका उनके पास कोई भी कागज नहीं था। लेकिन इतने वर्षों बाद आज स्वामित्व योजना से उन्हें भूमि के दस्तावेज पट्टे के रूप में मिल गया है। उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खुशी का दिन है अब वह और उनके परिवार निश्चिंत होकर अपने स्थाई पट्टे पर बने मकान में निवास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना हम जैसे नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब स्थाई पट्टा के कागज से वह विभिन्न बैंकों के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर ऋण भी प्राप्त कर सकेंगे, जो उनके लिए बहुत ही गौरव की बात है। इसके अलावा जमीन से बेदखली का डर भी बना रहता था जो मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के अंतर्गत स्वामित्व योजना से दूर हो गया है।
Tags
विदिशा
