चिकित्सालय बड़वानी में भर्ती होने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल में नियुक्त आयुष्मान मित्र को प्रतिदिन हर वार्ड में भेजा जाये। जहां पर वह मरीज से चर्चा कर उनके उपचार के क्लेम प्रकरण का निराकरण करेगा साथ ही अन्य मरीज जिनके आयुष्मान कार्ड नही बने है, उनके कार्ड बनाकर योजना के लाभों से हितग्राहियों को जानकारी देगा। इस सुविधा से जहां मरीज एवं उनके परिजनों को क्लेम के लिए यहां-वहां भटकना नही पड़ेगा वही नये मरीजों के सुविधाजनक ढंग से आयुष्मान कार्ड बन जायेंगे। कलेक्टर डॉ. राहुल फटिंग ने उक्त निर्देश बुधवार की शाम को जिला चिकित्सालय बड़वानी के सिविल सर्जन कक्ष में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक के दौरान दिये। इस दौरान कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय के नवीन भवन में पुलिस चौकी की स्थापना करने हेतु पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा जाये। जिससे वर्तमान में स्थापित पुलिस चौकी नये भवन में संचालित होकर मरीजों की सुरक्षा कर सके। इसके साथ ही कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय बड़वानी में जिले के साथ धार एवं अलीराजपुर जिले के भी मरीज आते है अतः जिला चिकित्सालय मंे मरीजों की संख्या को देखते हुए 500 बिस्तर उन्नयन करने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा जाये। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेखा जमरे, सिविल सर्जन डॉ. अनिता सिंगारे, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी केएन प्रजापति, पीआईयू की संभागीय अधिकारी आरती यादव, नगर पालिका बड़वानी सीएमओ केएस डोडवे, आरएमओ डॉ. चेतन ब्राम्हणे, रोगी कल्याण समिति के नोडल अधिकारी डॉ. जोसेफ सुल्या, समिति के अशासकीय सदस्य सालकराम जाट भी उपस्थित थे।
