महापौर मालती राय ने निगम की विद्युत शाखा, डॉग स्क्वॉड एवं अतिक्रमण शाखा की समीक्षा की और शहर के सभी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाईटों से संबंधित शिकायतों को तत्काल निराकृत करते हुए स्ट्रीट लाईट को शीघ्रता से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। महापौर मालती राय ने सड़कों से आवारा श्वानों को पकड़ने तथा अतिक्रमणों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त वरूण अवस्थी, महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी व आनंद अग्रवाल, उपायुक्त सी.बी.मिश्रा सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने सोमवार को आईएसबीटी स्थित महापौर कार्यालय के सभाकक्ष में निगम की विद्युत शाखा, डॉग स्क्वॉड एवं अतिक्रमण शाखा के कामकाज की समीक्षा की और बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटों को शीघ्रता से चालू करने तथा संपूर्ण शहर की स्ट्रीट लाईटों को व्यवस्थित एवं चालू रखने के निर्देश दिए। महापौर राय ने डॉग स्क्वॉड द्वारा आवारा श्वानों को पकड़कर नसबंदी केन्द्रों पर भेजने एवं उन्हें छोड़े जाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की और नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत आवारा श्वानों को पकड़ने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने अतिक्रमण निरोधक दस्तों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, सार्वजनिक स्थलों आदि से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और आवागमन में बाधक अवैध रूप से सामान रखकर बेचने वालों को सख्ती के साथ हटाने, आवागमन व मार्गों को व्यवस्थित व सुगम बनाने के निर्देश दिए। महापौर राय ने निर्देशित किया कि निगम के कॉल सेंटर से विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर शीघ्रता से कार्यवाही करते हुए उन्हें संतुष्टिपूर्ण ढंग से निराकृत करने के निर्देश भी दिए ।


