निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने अधिकारियों की बैठक आहूत कर निगम स्तर पर किये जाने वाले कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए
शासन की जनकल्याणकारी व हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘‘मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान’’ 11 दिसम्बर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निगम भोपाल द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं व सेवा कार्यों से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने निगम अधिकारियों की बैठक आहूत कर सभी वार्डों में संपर्क दल गठित करने, सर्वे कराने, शिविरों का आयोजन कर हितलाभ देने, आवेदनों का इंद्राज पोर्टल पर करने व प्रतिदिन के कार्यों की मॉनीटरिंग सहित निगम सीमांतर्गत हितग्राही मूलक योजनाओं व सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की निर्धारित प्रक्रियाएं योजनाबद्ध तरीके से समय अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त टीना यादव, हर्षित तिवारी, रणबीर कुमार, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, सहायक आयुक्त आर.डी.शर्मा व एकता अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने सोमवार को हर्षवर्धन काम्प्लेक्स माता मंदिर निगम कार्यालय में मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान की तैयारियों के संबंध में निगम अधिकारियों की बैठक आहूत की। बैठक में आगामी 11 दिसम्बर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक आयोजित मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान का उद्देश्य, हितग्राही मूलक लक्ष्य आधारित एवं सेवाएं व अभियान के तहत विभिन्न स्तर पर किए जाने वाले कार्यों को सम्पन्न कराने हेतु जिम्मेदार अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी पॉवर पाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई और निगम से संबंधित हितग्राही मूलक योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में चर्चा की गई। निगम आयुक्त नारायन ने निर्देशित किया कि विधानसभावार नियुक्त अपर आयुक्त ही योजनाओं का हितलाभ देने के लिए जिम्मेदार होंगे। निगम आयुक्त ने मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के तहत भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं व सेवाओं के हितलाभ हेतु वंचित व्यक्तियों का घर-घर सर्वे कर उन्हें चिन्हांकित करने हेतु वार्ड स्तर पर दल गठित करने तथा हितलाभ प्रदाय हेतु शिविरों का आयोजन करने की कार्य योजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त नारायन ने निर्देशित किया कि अभियान से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित दिशा निर्देश अनुसार समय से पूर्व सुनिश्चित किया जाए। नारायन ने कहा कि अभियान से संबंधित तैयारियों की प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाएगी और मंगलवार को सांयकाल वी.सी.के माध्यम से समीक्षा की जाएगी और जोनल अधिकारियों एवं वार्ड प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जायेंगे।
