मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी, म.प्र. संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग द्वारा सूफ़ी सम्मेलन के तहत शामे मौसीक़ी-ग़ज़लों एवं सूफ़ी कलाम की सांगीतिक प्रस्तुति- का आयोजन 11 मई, 2026 शाम 7:00 बजे से अभिरंग नाट्यगृह, कालिदास संस्कृत अकादमी, यूनिवर्सिटी रोड, उज्जैन में होगा।
उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ नुसरत मेहदी ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित “शामे मौसीक़ी” केवल एक सांगीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी साझा तहज़ीब, सूफ़ी परंपरा और ग़ज़ल की रूहानी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक प्रयास है। सूफ़ी कलाम इंसानियत, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का संदेश देता है, और संगीत उसकी सबसे प्रभावशाली अभिव्यक्ति है। हमें प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा उज्जैन जैसे सांस्कृतिक नगर में यह आयोजन हो रहा है, जहाँ कला और अध्यात्म की समृद्ध परंपरा रही है। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश से समबन्ध रखने वाले देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं को ग़ज़ल और सूफ़ी संगीत की एक यादगार शाम से रूबरू कराएंगे। जो कलाकार प्रस्तुति देंगे उनमें प्रख्यात ग़ज़ल गायकों राजीव सिंह भोपाल, वाणी साठे उज्जैन एवं अहमद रज़ा जावरा के नाम शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन शबनम अली द्वारा किया जाएगा।
डॉ नुसरत मेहदी ने उज्जैन के सभी कला एवं साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।
