रायपुर : राजिम कुंभ कल्प में दर्शनीय स्थलों की दी जा रही डिजिटल जानकारी

 

राजिम कुंभ कल्प मेला में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल मेलार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें संस्कृति, पर्यटन, पुरातत्व एवं धर्मस्व विभाग का स्टॉल विशेष रूप से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ आकर्षित कर रहा है। बड़ी संख्या में आगंतुक यहां पहुंचकर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। स्टॉल में विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसे मेलार्थी रुचि के साथ देख रहे हैं। इसके साथ ही राजिम, डोंगरगढ़, सोनाखान, चंद्रखुरी, रायपुर, दंतेवाड़ा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों से संबंधित जानकारी वाली बुकलेट्स निःशुल्क वितरित की जा रही हैं।

इन बुकलेट्स में संबंधित स्थलों की दूरी, आसपास के प्रमुख आकर्षण, आवास एवं ठहरने की सुविधाएं तथा यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गई हैं। विशेष रूप से प्रत्येक बुकलेट में क्यूआर कोड प्रदान किया गया है, जिसे स्कैन कर मेलार्थी अपने मोबाइल पर संबंधित पर्यटन स्थल की विस्तृत एवं अद्यतन जानकारी तुरंत प्राप्त कर रहे हैं। राजिम कुंभ कल्प में एक ही स्थान पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों की समग्र एवं उपयोगी जानकारी मिलने पर लोग इस अभिनव पहल को सराह रहे हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post