मध्य प्रदेश में रासायनिक मुक्त एवं विष-रहित खाद उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल के अंतर्गत आज सागर स्थित पी.टी.सी. ग्राउंड में जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना विशेष रूप से शामिल हुए।
कंसाना ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में इस दिशा में और भी योजनाएं लागू की जाएंगी। जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार के माध्यम से किसानों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं विष-रहित खाद्य सामग्री मिलेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित जैविक अनाज, फल-सब्जियां एवं अन्य उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। बड़ी संख्या में किसानों एवं नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया।




