छत्तीसगढ़ शासन की पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी धान खरीदी नीति इस वर्ष किसानों के लिए किसी बड़ी राहत से कम साबित नहीं हो रही है। जिले में सुचारू रूप से चल रही खरीदी व्यवस्था के बीच नवीन धान उपार्जन केंद्र पदमी में आज किसानों का उत्साह देखने लायक रहा। केंद्र पर 9 किसानों ने कुल 560 क्विंटल धान की बिक्री की, जिससे उनका जोश और संतोष स्पष्ट झलक रहा था।
धान बेचने पहुंचे किसान मोहन सिंहा ने बताया कि आज उन्होंने 60 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गाँव में ही नया उपार्जन केंद्र खुलने से हमें बहुत सुविधा हो गई है। पहले 5–7 किलोमीटर दूर पदुमसारा जाना पड़ता था, जिससे समय, मेहनत और वाहन खर्च बढ़ जाता था। अब यह परेशानी खत्म हो गई है।
धान खरीदी के शुरुआती दिनों में ही बढ़ती किसान संख्या साफ दर्शाती है कि शासन की यह पहल कृषक वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है।

