किसानों से लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए जरुरी निर्देश
अटल सुविधा केन्द्र का किया उद्घाटन
स्कूल शिक्षा एवं बलौदा बाजार जिले के प्रभारी सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने सोमवार को जिला प्रवास के दौरान धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने उपार्जन केन्द्र मे धान बेचने आए किसानों से चर्चा की और समस्या एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियो को निर्देशित किया कि धान बेचने मे किसानों को कोई दिक्कत न हो तथा केन्द्र मे मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो।
प्रभारी सचिव ने पहले पलारी मण्डी का निरीक्षण किया जहां धान बेचने आए ग्राम पहन्दा के किसान राजेंद्र कुमार वर्मा से धान बेचने एवं टोकन के सम्बन्ध मे पूछताछ की। किसान ने बताया कि एप्प के माध्यम से टोकन कटाया है। टोकन लेने मे कोई दिक्क़त नहीं हुईं बल्कि घर बैठे हो जा रहा है। उन्होने बताया कि 33 क्विंटल धान बेचने लाए है और सुगमता से धान की बिक्री हो गई। प्रभारी सचिव ने समिति प्रबंधक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिये। पलारी समिति अंतर्गत पलारी एवं पहन्दा के किसानो का पंजीयन किया है जिसमें कुल 920 किसान पंजीकृत है। 17 नवम्बर के लिए 6 किसानो का टोकन कटा है जिससे 440 क्विंटल धान की खरीदी होगी।
प्रभारी सचिव परदेशी ने इसके पश्चात ग्राम छेरकापुर मे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नव निर्मित भवन मे अटल सुविधा केन्द्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र संचालक से केन्द्र मे उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली वहीं उपस्थित समूह की महिलाओं से आजीविका गतिविधियों के सम्बन्ध मे पूछताछ करते हुए बेहतर कार्य करने प्रोत्साहित किया।


