मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में जनसैलाब उमड़ा, जनप्रतिनिधियों की
गरिमामयी उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
अखंड भारत के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सूरजपुर में आज भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया।जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सम्मिलित होकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इसी दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाना राष्ट्र के प्रति गर्व और कृतज्ञता का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी।सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रनिष्ठा का सर्वाेत्तम उदाहरण है। त्याग, सेवा और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की उनकी सोच सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, तथा पूर्व गृहमंत्री एवं छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी उपस्थित रहे।सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में सरदार पटेल की दूरदृष्टि, राष्ट्रनिर्माण में योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को रेखांकित किया।
यूनिटी मार्च के दौरान जयनगर आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। रैली मार्ग में स्वच्छता जागरूकता के तहत श्रमदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया गया।


