भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया आयुर्वेद चिकित्सकों का सम्मान

 

राजधानी के मानस भवन में गुरुवार को उद्धवदास मेहता स्मृति न्यास द्वारा आयोजित "सम्मान समारोह 2025" में प्रदेश के चुनिंदा आयुर्वेद चिकित्सकों एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओ को भव्य रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने मंच पर विजेताओं को सम्मानित करते हुए युवाओं को प्रोत्साहित किया और आयुर्वेद चिकित्सकों के समर्पण की सराहना की।


इस गरिमामयी समारोह में राज्य मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल की महापौर मालती राय, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, झंडू इमामी के मैनेजर अरुण अग्रवाल, सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, और नगर के प्रतिष्ठित आयुर्वेद चिकित्सक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके पश्चात न्यास के अध्यक्ष सुरेश मेहता द्वारा न्यास की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि न्यास प्रतिवर्ष सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय योगदान कर रहा है।


इस वर्ष आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। विषय था – "आयुर्वेद: आधुनिक जीवन में प्राचीन ज्ञान की प्रासंगिकता", जिसे प्रतिभागियों ने विभिन्न दृष्टिकोणों से प्रस्तुत किया।

इसके साथ ही प्रदेशभर से चयनित 20 से अधिक वरिष्ठ एवं युवा आयुर्वेद चिकित्सकों को उत्कृष्ट सेवा, जनकल्याण, एवं अनुसंधान कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। आयुर्वेद के क्षेत्र में वर्षों से समर्पित इन चिकित्सकों को संस्था द्वारा शॉल, श्रीफल एवं विशेष प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।



मुख्य अतिथि भगवानदास सबनानी  ने अपने संबोधन में कहा :

 “आयुर्वेद हमारी सांस्कृतिक विरासत है। आज जब दुनिया प्राकृतिक चिकित्सा की ओर लौट रही है, तब हमें गर्व है कि हमारे देश में सदियों पुरानी यह परंपरा आज भी जीवित है। युवाओं को साहित्य और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में आगे आकर समाज को दिशा देनी चाहिए।”

राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि सरकार आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महिला चिकित्सकों की विशेष भूमिका को भी रेखांकित किया।

महापौर मालती राय ने नगर निगम द्वारा भोपाल शहर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद केंद्रों के विकास पर चर्चा की और कहा कि स्थानीय निकाय आयुर्वेदिक चिकित्सकों के साथ मिलकर कार्य करेगी।


कार्यक्रम के अंत में आयोजक संस्था के सचिव विजय मेहता ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि यह समारोह न केवल प्रतिभाओं का सम्मान है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश देने का माध्यम भी है।

समारोह के उपरांत सभी आमंत्रित अतिथियों एवं विजेताओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post