केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का रायसेन दौरा, वन नेशन-वन इलेक्शन और स्वदेशी सम्मेलन में की सहभागिता।

 सेवा पखवाड़े में शिवराज सिंह ने रायसेन में लगाए 75 पौधे, नमो वाटिका का उद्धाटन और व्यापारियों संग की GST पर चर्चा।


रायसेन ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ समर्थक देश का पहला जिला बना 
रायसेन की सभी पंचायत, परिषद,  पालिका और जिला पंचायत ने एक राष्ट्र एक चुनाव कराने का संकल्प पारित किया
रायसेन की 1 जिला पंचायत, 7 जनपद पंचायत, 521 पंचायत, 3 नगर पालिका और 9 नगर परिषदों ने पारित किया प्रस्ताव
आज़ादी के बाद नेहरू जी ने देश का विकास भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं किया
एक राष्ट्र एक चुनाव से धन, परिश्रम और समय की बचत होगी
GST रिफॉर्म्स से खेती होगी सस्ती और लाभकारी
अपने दैनिक जीवन में यथासंभव स्वदेशी वस्तुएं खरीदें


केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायसेन का दौरा किया। शिवराज सिंह ने यहां अनेक कार्यक्रमों में शिरकत की। सबसे पहले शिवराज सिंह ने रायसेन की अवंतिका कॉलोनी में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लिया और सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 75 पौधे लगाए। वहीं केन्द्रीय कृषि मंत्री ने साँची में नमो वाटिका का उद्धाटन किया और रक्तदान स्वास्थ्य शिविर में भी शामिल हुए। इसके अलावा शिवराज सिंह ने जीएसटी सुधारों पर ट्रेक्टर छूट व कृषि उपकरणों के संबंध में व्यापारियों से चर्चा की और एक राष्ट्र एक चुनाव कार्यक्रम व स्वदेशी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने जनसमूह को स्वच्छता, एक राष्ट्र एक चुनाव और स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का संकल्प भी दिलाया।

रायसेन ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ समर्थक देश का पहला जिला बना

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को आज एक राष्ट्र एक चुनाव पर रायसेन जिले के जन-प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पारित कर सौंपा। रायसेन की सभी पंचायत, परिषद,  पालिका और जिला पंचायत ने एक राष्ट्र एक चुनाव कराने का संकल्प पारित किया। जिनमें 1 जिला पंचायत, 7 जनपद पंचायत ,521 पंचायत, 3 नगर पालिका और 9 नगर परिषद शामिल हैं। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि, रायसेन जिला एक राष्ट्र-एक चुनाव के लिए एकजुट है। आज रायसेन जिले के सभी जन-प्रतिनिधियों ने अलग-अलग प्रस्ताव पारित किए हैं कि, एक राष्ट्र-एक चुनाव ही देश के हित में हैं। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री जी का ये संकल्प पूरा होना चाहिए, जब जन-प्रतिनिधि प्रस्ताव दे रहे थे तो वो केवल जन-प्रतिनिधि नहीं थे, वह जिले की सारी जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। भारत के विकास और प्रगति में सबसे बड़ी बाधा लगातार होने वाला चुनाव है। इसलिए संविधान में संशोधन कर, एक साथ लोकसभा और विधानसभा के चुनाव होने चाहिए। उन्होंने कहा कि, मैं, रायसेन जिले की जनता और जन-प्रतिनिधियों का आभारी हूं कि, उन्होंने प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रपति जी को सौंपने का आग्रह किया है। ये सभी प्रस्ताव राष्ट्रपति जी के पास भेजे जाएंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लेकर कहा कि, यदि सभी चुनाव एक साथ कराए जाएँ तो जातिवाद और भाषावाद जैसी चीजें कम होंगी। प्रधानमंत्री ने भी स्पष्ट कहा है कि, एक राष्ट्र, एक चुनाव होने से देश को बहुत फायदा होगा। पैसा और कार्यकर्ताओं का समय भी बचेगा। देश के कामों को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री पूरा समय दे सकेंगे। अफसर भी पूरी लगन से काम करेंगे और कड़े फैसले देश के लिए लिए जा सकेंगे। केन्द्रीय मंत्री शिवराज ने जनता से भी अपील करते हुए कहा कि, एक साथ पूरा देश मैदान में निकले और यह संदेश दें कि, बार-बार चुनाव का नाटक नहीं चलेगा। कोई भी पार्टी हो, सभी को एक साथ चुनाव में उतरना होगा। 


नेहरू ने देश का विकास नहीं किया

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत की प्राचीन तकनीक और आधुनिक सामर्थ्य को लेकर कहा कि, भगवान राम वनवास के दौरान पैदल चले थे, लेकिन रावण को हराकर लौटते समय पुष्पक विमान का प्रयोग किया। जब दुनिया ने कल्पना भी नहीं की थी, तब हमारे यहाँ पुष्पक विमान था। यह विमान का आविष्कार 1919 में किया गया था। उन्होंने आधुनिक हथियारों और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि, आज मिसाइलें बैठे-बैठे चलती हैं और आतंकवादियों के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी के ढेर में बदल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि, यह आज की तकनीक नहीं है, बल्कि भगवान जब सुदर्शन चक्र चलाते थे, तो सिर काटकर वापस उनके पास आ जाता था। जो दुनिया आज कर रही है, हमारे यहाँ अग्न्यास्त्र और ब्रह्मास्त्र हजारों साल पहले से मौजूद थे। उन्होंने कहा कि, मुगलों और अंग्रेजों के शासन के कारण भारत पीछे रह गया। आज़ादी के बाद भी अपेक्षित विकास नहीं हुआ, क्योंकि नेहरू और उनके बाद सत्ता में आए नेताओं ने भारतीय संस्कृति और जीवन-मूल्यों के अनुसार देश का विकास नहीं किया। शिवराज सिंह ने कहा कि, अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण परमाणु परीक्षण कर देश का मान-सम्मान बढ़ाया। अमेरिका कहता रहा कि मत करना, लेकिन उन्होंने एक किया, फिर दूसरा भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भारत आज एक वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। 

GST रिफॉर्म्स से खेती होगी सस्ती और लाभकारी

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नए जीएसटी सुधारों पर व्यापारियों से विस्तार से चर्चा की। इस दौरान केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि, 22 सितंबर नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी की दरें कम हो रही है, जिसमें ट्रेक्टर और कृषि उपकरणों पर जीएसटी 18% से 5% कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कदम से अलग-अलग श्रेणी के ट्रैक्टरों की कीमत में 23 हजार रुपये से लेकर 63 हजार रुपये तक की भारी कमी होगी। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार ने किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है, जिसके लिए उत्पादकता बढ़ाने और लागत कम करने, दोनों की आवश्यकता है और दोनों लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मशीनीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। ट्रैक्टर और अन्य कृषि मशीनें किसानों के लिए उत्पादन बढ़ाने और खेती की लागत घटाने में बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कृषि उपकरण निर्माताओं और व्यापारियों से कहा कि 22 सितंबर से किसानों को जीएसटी में छूट का लाभ तुरंत उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसानों को सीधे आर्थिक राहत मिलेगी। 


स्वदेशी अपनाने का संकल्प

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैं आपसे एक अपील करना चाहता हूँ। आपके माध्यम से पूरे देशवासियों से कहना चाहता हूँ। देश को मजबूत और अर्थव्यवस्था को ताकतवर बनाने के लिए हमें भी कुछ करना पड़ेगा। एक अपील प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की है। हम हमारे दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली चीजें वही खरीदें जो अपने देश में बनी हो। ये इंपोर्टेड का मोह छोड़ दो और स्वदेशी अपनाओ। स्वदेशी का मतलब है, वो चीज़ हमारे देश में बनी हो। उसमें हमारे लोगों का पसीना लगा हो, जिससे उनका रोजगार बढ़े। आज हम संकल्प भी करें कि, हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, लेकिन हमें हमारी अर्थव्यवस्था को नंबर 1 पर पहुंचना है। अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपने देशवासियों को विशेषकर कारीगर, सेल्फ हेल्प ग्रुप, स्थानीय निर्माता, एमएसएमई इनको ताकत देने के लिए आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए हम आज स्वदेशी का संकल्प लें। 



स्वच्छता, समाज का अभियान है

स्वच्छता कार्यक्रम के तहत शिवराज सिंह ने रायसेन स्थित मंदिर में साफ-सफाई की। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि, प्रधानमंत्री समाज सुधारक भी हैं। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने भारत में स्वच्छता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, पहले लोग स्वच्छता को केवल नगर पालिका का काम मानते थे, लेकिन अब हर व्यक्ति को यह जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने अपील की कि, अगर हम सब संकल्प लें तो घर, कॉलोनी, शहर साफ-सुथरा और सुंदर रखा जा सकता है। ये समाज का अभियान है, ये सेवा पखवाड़ा हम सभी को मिलकर करना है, क्योंकि ये लोगों की सेवा के लिए है। साथ ही केन्द्रीय कृषि मंत्री ने सभी को स्वच्छता व पर्यावरण बचाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन से लेकर दीनदयाल उपाध्याय और महात्मा गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत वृक्षारोपण, रक्तदान और स्वच्छता जैसे कई कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत स्वच्छता के मामले में पीछे था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने झाड़ू उठाकर पूरे देश में जनजागरण किया। उन्होंने कहा कि, संकल्प दिलाते हुए कहा कि, हर व्यक्ति साल में 100 दिन और हफ़्ते में 2 घंटे सफाई जरूर करें। रायसेन जिले को स्वच्छता की दौड़ में आगे लाने के लिए गांव-गांव और कस्बों तक यह संदेश पहुँचाया जाना चाहिए।


Post a Comment

Previous Post Next Post