नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमणों एवं अवैध निर्माणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने सीएम हेल्प लाईन, कॉल सेंटर व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निवारण तथा निगम की नियमित कार्यवाही के तहत विभिन्न क्षेत्रों से सड़कों, फुटपाथों व सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही करते हुए लालघाटी क्षेत्र से अवैध रूप से रखे पान पार्लर सहित अन्य अतिक्रमणों को हटाया, चादरे और पल्ले किए जप्त साथ ही शहर के अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण कर लगाई गई विभिन्न प्रकार की दुकानें, दुकानों के बाहर रखा सामान, आवागमन में बाधक वाहन आदि को हटाया और ठेले, पान पार्लर, कैरेड, नेट, स्टूल, बोर्ड आदि भी किये जप्त।
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने मंगलवार को कोलार रोड सौम्या परिसर, सलैया, बंजारी हिल्स, ललिता नगर, निर्मलादेवी गेट, नेहरू नगर, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, न्यू मार्केट, 1100 क्वाटर्स, गुलमोहर, सेवाय काम्प्लेक्स, एम.पी.नगर, ज्योति टॉकीज, रानी कमलापति रेल्वे स्टेशन, इंद्रपुरी सी सेक्टर, हजरत निजामुद्दीन कालोनी, जेके रोड, अयोध्या बायपास मार्ग, आईटीआई, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, बुधवारा, भोपाल टॉकीज, हमीदिया हास्पिटल, रॉयल मार्केट, लालघाटी, कोहेफिजा, बैरागढ़, करोद, जेल रोड, नबीबाग, बैरसिया रोड आदि क्षेत्रों में नियमित कार्यवाही के तहत सड़कों, फुटपाथों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किये गये अतिक्रमणों को हटाते हुए निजामुद्दीन कालोनी एवं रफीकिया स्कूल, बुधवारा आदि क्षेत्रों में आवागमन में बाधक 22 कंडम व चालू वाहनों को हटाया साथ ही अशोका गार्डन क्षेत्र में 04 अवैध चबूतरे, नबीबाग में अवैध रूप से लगाई गई जाली व करोद जेल रोड क्षेत्र में सड़क पर पड़ी 04 डम्पर भवन निर्माण सामग्री को भी हटवाने की कार्यवाही की। निगम अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, सब्जी व अन्य प्रकार की दुकानों को भी हटाया और 04 ठेल, 45 कैरेड, 01 पान पार्लर, 04 चादरें, 02 पल्ले, 02 स्टूल, 02 पन्नी, 04 बोर्ड, 01 हरी नेट सहित अन्य प्रकार का सामान किया जप्त।
निगम अमले ने अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के पश्चात पुनः अतिक्रमण न करने की समझाइश देते हुए चेतावनी भी दी कि यदि पुनः अतिक्रमण पाया जाता है तो और अधिक सख्त कार्यवाही की जायेगी।
