जोन क्र. 07, 08, 10, 12 एवं 13 के 500 से अधिक
सफाई मित्रों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
महापौर मालती राय ने स्वच्छता ही सेवा पखवाडा ‘‘स्वच्छोत्सव’’ के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। शिविर में जोन क्र. 07, 08, 10, 12 एवं 13 के लगभग 500 से अधिक सफाई मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और चिकित्सा विशेषज्ञों ने उपचार एवं बेहतर स्वास्थ्य हेतु सलाह भी दी।
इस मौके पर महापौर राय ने चिकित्सकों व अन्य सहयोगियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर महापौर परिषद के अध्यक्षद्वय आर.के.सिंह बघेल व मनोज राठौर, जोन अध्यक्षद्वय बृजुला सचान एवं आरती अनेजा, पार्षद सुरेन्द्र बाड़ीका एवं पप्पू विलास सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र, चिकित्सा विशेषज्ञ एवं शिविर आयोजन में सहयोगी कल्चयुरी कलार समाज भोपाल के पदाधिकारी मौजूद थे।
गत 17 सितम्बर 2025 से 02 अक्टूबर 2025 तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा ‘‘स्वच्छोत्सव-2025’’ के तहत नगर निगम, भोपाल द्वारा स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों व कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में रविवार को शिवाजी नगर 07 नंबर स्टॉप के निकट 125 की लाईन आई टाईप क्वार्टर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
महापौर मालती राय ने शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महापौर राय ने चिकित्सा विशेषज्ञों से चर्चा की और विभिन्न स्टॉलों पर जाकर सफाई मित्रों के स्वास्थ्य औषधी आदि की जानकारी प्राप्त की।
महापौर राय ने सफाई मित्रों को बेहतर उपचार एवं समुचित चिकित्सीय सलाह देने का आव्हान विषय विशेषज्ञों से किया। शिविर में जोन क्र. 07, 08, 10, 12 एवं 13 के अंतर्गत आने वाले वार्डों में कार्यरत लगभग 500 से अधिक सफाई मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं समुचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया और औषधियां भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.विकास चतुर्वेदी, हडडी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल चौकसे, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ.स्मृति कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.सोनल चौकसे, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.दीपक कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.विनीत गौर, दंत चिकित्सक डॉ.पविना जयसवाल ने सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।






