वाईन शॉप संचालक व कबाड़ी सहित अन्य के विरूद्ध प्रकरणों में
16 हजार 900 रूपये की राशि वसूल की
नगर निगम द्वारा शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तरीय बनाये रखने तथा डेंगू लार्वा की जांच हेतु व्यापक अभियान के रूप में कार्यवाही की जा रही है साथ ही स्वच्छता के मानकों का पालन न करने व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरूद्ध स्पॉट फाईन की कार्यवाही भी की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के अमले ने वाईन शॉप संचालक द्वारा गंदगी फैलाने व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने पर 10 हजार रूपये तथा कचरा जलाने वाले कबाड़ व्यवसायी से 04 हजार रूपये की राशि जुर्माना/स्पॉट फाईन के रूप में वसूल की साथ ही अन्य गंदगी फैलाने वालों के विरूद्ध भी कार्यवाही करते हुए कुल 16 हजार 900 रूपये की राशि वसूल की।
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में निगम के जोन क्र. 08 एवं 17 के अमले द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान वार्ड क्र. 30 के चूना भट्टी क्षेत्र में संचालित वाईन शॉप के आसपास गंदगी एवं सिंगल यूज प्लास्टिक आइटम फैले पाये गये जिस पर निगम अमले ने वाईन शॉप संचालक पर कार्यवाही करते हुए 10 हजार रूपये की राशि जुर्माना/स्पॉट फाईन के रूप में वसूल की साथ ही आसपास के अन्य दुकानदारों के विरूद्ध भी कार्यवाही करते हुए 02 हजार 900 रूपये का स्पॉट फाईन वसूला। इसी प्रकार जोन क्र. 17 के अमले द्वारा सायंकाल निरीक्षण के दौरान भोपाल मेमोरियल अस्पताल के पास कबाड़ व्यवसायी की दुकान में कचरा जलने की शिकायत प्राप्त हुई जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर कचरे में लगाई गई आग को बुझवाया और 04 हजार रूपये की राशि स्पॉट फाईन/जुर्माने के रूप में वसूल की।
निगम अमले ने इस दौरान समझाइश भी दी कि कचरा सड़कों, नालियों, फुटपाथों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर न फेंके। पृथक-पृथक कचरा अलग-अलग डस्टबिनों में रखें और कचरा सदैव कचरा वाहन को ही दें साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने व कचरा न जलाने की समझाइश भी दी।
Tags
भोपाल


