मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सांरग, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी भोपाल के करोंद चौराहे पर आयोजित मटकी फोड प्रतियोगिता में हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी के नेतृत्व में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति द्वारा शनिवार को शहीद भगत सिंह चौराहा, करोंद में आयोजित प्रदेश की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता के आयोजन में सम्मलित हुए। यह आयोजन 19 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। हजारों दर्शक इस मटकी फोड़ प्रतियोगिता को देखने पहुंचे। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रदेश की 12 से अधिक टीमें शामिल हुईं। विजेता टीम को 1 लाख रूपए का नगद पुरस्कार दिया गया। प्रख्यात अभिनेता सुनील शेट्टी, इंडियन आयडल गायक सवाई भट्ट एवं कनिष्का सिंह चौहान ने बेहतरीन परफॉर्मेंस दी। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित नाट्य प्रस्तुति भी दी गई। भारी वर्षा के बावजूद नागरिकों का उत्साह देखते ही बनता था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कृष्णभक्ति के गीत गाये।
जन्माष्टमी पर्व हमारी परंपरा, भक्ति और सामाजिक एकता का पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ महोत्सव में जनसमूह को संबोधित करते हुए आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने इस उत्सव को प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों ने पूरी श्रद्धा से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की है। यह पर्व हमारी परंपरा, भक्ति और सामाजिक एकता का पर्व है। उन्होंने मटकी फोड़ महोत्सव की निरंतरता की सराहना करते हुए कहा कि यह महोत्सव 19 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा है। मेरी शुभकामना है कि यह आयोजन वर्षों-वर्षां तक चलता रहे। भगवान श्रीकृष्ण की दया है कि जब उनकी लीलाएं होती हैं, तो वे इसी तरह निरंतर चलती रहती हैं। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से उपस्थित जनसमूह को भक्ति-रस में सराबोर करते हुए जय श्रीकृष्ण और “राधे-राधे” के नारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया ।
कान्हा आज भी हैं और आगे भी रहेंगे - डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज भोपाल की सड़कों पर वही दृश्य देखने को मिल रहा है जो उस समय हुआ था जब भगवान इंद्र ने वर्षा प्रारंभ की थी और भगवान बाल कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत अपनी अंगुली पर उठा लिया था। चाहे जितनी भी वर्षा हो, हम हटने वाले नहीं हैं। आज का उत्साह उसी भावना को जीवंत करता है। उन्होंने सृष्टि की उत्पत्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज से एक अरब 98 करोड़ 58 लाख 85 हजार 521 वर्ष पूर्व सृष्टि की रचना हुई थी, तब से लेकर अब तक सतयुग, त्रेता, द्वापर और अब कलयुग के 5127 वर्ष बीत चुके हैं। कलयुग का प्रथम चरण चल रहा है, और तब भी मेरे कान्हा थे, आज भी मेरे कान्हा हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने भोपालवासियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि मैं भोपाल के भाइयों और बहनों को शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं। आपका यह उत्साह और श्रद्धा प्रशंसनीय है ।


