सोहाया के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हुआ लोकार्पण

 


बैरसिया विकासखंड के सोहाया में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं बैरसिया विधायक विष्णु खत्री द्वारा किया गया। इस केंद्र के बनने से आसपास के लगभग 20 से 25 गांव को उनके नजदीक ही 24 घंटे सातों दिन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। पूर्व में यहां पर उपस्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जा रहा था। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी बैरसिया एवं गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

        इस अवसर पर राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवा सेवाओं की अधोसंरचना में नवीन निर्माण और उन्नयन किया जा रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित जिला अस्पताल तक स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर किया जा रहा है।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि बैरसिया विकासखंड के लिए यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं लेने के लिए सिविल अस्पताल तक नहीं जाना पड़ेगा। 

       मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव हेतु लेबर रूम, महिला एवं पुरुष वार्ड, माइनर ओटी, ड्रग स्टोर रूम, कोल्ड चैन रूम, वैलनेस रूम, प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। यहां पर 24x7 चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया गया है। यहां पर जी टाइप एवं एच टाइप क्वार्टर्स  भी बनाए गए हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post