भारतीय ज्ञान परंपरा : मूल और विकास विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

 


 रबींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल में मानविकी एवं उदार कला संकाय तथा संस्कृत प्राच्य भाषा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में  “भारतीय ज्ञान परंपरा : मूल और विकास” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र सम्पन्न हुआ। विश्वविद्यालय के शारदा सभागार में आयोजित इस सत्र में विद्वानों ने भारतीय बौद्धिक परंपरा की जड़ों और उसके निरंतर विकास पर अपने विचार रखे ।




कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. भरत शरण सिंह (अध्यक्ष, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, मध्यप्रदेश) उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट वक्ताओं के रूप में प्रो. गिरीश्वर मिश्र (पूर्व कुलपति, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा), डॉ. मुकेश मिश्रा (निदेशक, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल) और डॉ. सुप्रिया पाठक (सह आचार्य, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा) ने अपने विचार प्रस्तुत किए। राष्ट्रीय संगोष्ठी की समन्वयक डॉ सावित्री सिंह परिहार, सह आचार्य इतिहास आरएनटीयू ने भारतीय ज्ञान परंपरा: मूल और विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। संचालन का दायित्व डॉ. विशाखा राजुरकर राज ने निभाया। 




भारतीय ज्ञान परंपरा का लक्ष्य ब्रह्मज्ञान

कुलाधिपति संतोष चौबे ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का अंतिम लक्ष्य ब्रह्मज्ञान तक पहुँचना है। उन्होंने आचार्य ए. सी. मजूमदार की कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी परंपरा सतत्व ज्ञान की साधना पर आधारित है। भारतीय दार्शनिक दृष्टि ने उन सत्यों तक पहुँचने का मार्ग दिखाया, जहाँ आधुनिक विज्ञान अब प्रयोगों द्वारा पहुँच रहा है।




निरंतर प्रवाह है भारतीय ज्ञान परंपरा

प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा निरंतर प्रवाहित धारा है, जिसकी जड़ें वैदिक काल के पूर्व की सभ्यताओं में मिलती हैं। उन्होंने बताया कि श्रुति परंपरा ने वेदों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और व्यष्टि से समष्टि की ओर दृष्टि देना ही इस परंपरा का वास्तविक स्वरूप है।




राष्ट्रीय शिक्षा नीति की आत्मा

डॉ. भरत शरण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) की आत्मा भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित है। उन्होंने इस परंपरा को शिक्षा प्रणाली के पुनर्निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि भविष्य का भारत इसी दृष्टि से आगे बढ़ेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post