सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने शुक्रवार को उचेहरा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान तहसील कार्यालय उचेहरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, नक्शा तरमीम, अभिलेखों में सुधार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के प्रकरणों में ई-केवाईसी सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की फाइलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम सुधीर बेक, तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निस्तारित पुराने प्रकरणों की फाइल निकलवाकर राजस्व प्रकरणों के निर्णयों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्णीत प्रकरणों का अवलोकन कर निराकरण की गुणवत्ता भी जांची। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी राजस्व प्रकरण अनावश्यक रूप से खारिज नहीं किया जाये। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों को बुलाये और उनके पक्ष सुनकर निर्णय करें। उचेहरा तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व रिकार्डों में संलग्न वर्तमान समय के खसरों का अवलोकन किया तथा रिकार्डों को व्यवस्थित रूप से संधारित करने के निर्देश दिये।
