सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है - कलेक्टर बालागुरू के.

 


जिले में सभी पर्व शांति, सौहार्द और हर्षोल्लास से मनाए जाएंगे : कलेक्टर बालागुरू के.
जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है : कलेक्टर
सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक जानकारी को साझा न करें : कलेक्टर
शांति समिति की बैठक आयोजित


आगामी महाशिवरात्री, होली उत्सव, रंगपंचमी, गुड़ी पड़वा, चैत्र नवरात्रारंभ, चेती चांद, ईद-उल-फितर, राम नवमी, महावीर जयंती, हनुमान जयंती, डॉ अंबेडकर जयंती, गुड फ्राइडे, परशुराम जयंती, बुद्ध पूर्णिमा, इदुल-जुहा आदि त्योहारों को हर्षोल्लास एवं शान्ति पूर्वक मनाने के लिए कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सभी पर्वों पर सीहोर नगर तथा जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक समारोह के दौरान व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई ।

       बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण अवसरों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। जिले में किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

       उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें ताकि समय पर उचित कदम उठाया जा सके। हम सभी को यह सुनिश्चित करना होगा कि समाज में एकता और शांति बनी रहे। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक जानकारी को बिना सत्यापन के साझा न करें। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जिले में शांति बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने सभी से शांति, सौहार्द और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज में अमन-चैन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन, पुलिस और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही हम अपने जिले को सुरक्षित और समृद्ध बना सकते हैं।

          बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह एवं एडिशनल एसपी गीतेश गर्ग ने समिति के सदस्यों से विस्तार से चर्चा की तथा सभी पर्वों पर आयोजनों के दौरान सफाई, विद्युत, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, एसडीएम तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह, नगर निरीक्षक निरंजन सिंह राजपूत सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post