जन अभियान परिषद द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम अंतर्गत सीहोर स्थित नारी शक्ति आजीविका सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र में परामर्शदाताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन की अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से प्रदेश भर के युवाओं को शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कौशल भी मिलता है। छात्र प्रशिक्षित होकर शासन एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ वालंटियर के रूप मे अपनी सहभागिता देकर प्रदेश के विकास में अपना मूल्यवान सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम एवं सतत विकास लक्ष्य, अवधारणा, उद्देश्य, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विविध प्रावधान, इंटर्नशिप एवं अन्य संबंधित आयाम रोलप्ले के माध्यम, सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम संचालन की मूल गतिविधियां एवं परामर्शदाता की भूमिका, वैकल्पिक एवं व्यावसायिक विषयों का चयन, मॉड्यूल्स, सामाजिक प्रयोगशाला के रूप में ग्राम का चयन, संपर्क कक्षा, प्रदत्त कार्य, प्रोजेक्ट एवं इंटर्नशिप, आंतरिक एवं बाह्य परीक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर संभाग समन्वयक वरुण आचार्य, जिला समन्वयक पारुल उपाध्याय, कोकिला चतुर्वेदी, प्रदीप सिंह सेंगर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
