कमिश्नर ने मैहर जिले में राजस्व महाभियान का लिया जायजा
रीवा संभाग के सभी जिलों में राजस्व महाभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लगातार शिविरों का आयोजन कर बी-1 का वाचन किया जा रहा है। राजस्व अधिकारी नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अभिलेखों में सुधार के प्रकरण निराकृत कर रहे हैं। रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने राजस्व महाभियान में मैहर जिले में अमरपाटन तहसील कार्यालय तथा एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने कलेक्ट्रेट सभागार मैहर में बैठक लेकर अभियान की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि राजस्व महाभियान में निर्धारित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेखों में सुधार और नक्शा तरमीम के प्रकरण अनिवार्य रूप से निराकृत करें। प्रकरणों में पीठासीन अधिकारी अधिक समय की पेशी न दें। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामांतरण तथा बंटवारा के प्रकरण तय समय सीमा निराकृत करें। जिन प्रकरणों में आदेश जारी हो जाता है उनमें खसरे और नक्शे में बटांकन अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। किसान सम्मान निधि की ईकेवाईसी एवं आधार सीडिंग तथा नक्शा तरमीम के प्रकरण बड़ी संख्या में लंबित हैं। इनके निराकरण के लिए पटवारियों को साप्ताहिक लक्ष्य दें। लक्ष्य की पूर्ति की रिपोर्ट लेकर प्रस्तुत करें। अभियान में अच्छा कार्य करने वाले राजस्व अधिकारियों और पटवारियों को सम्मानित करें। लक्ष्य पूर्ति में सबसे नीचे रहने वालों पर कार्यवाही करें। मौके पर उपस्थित कलेक्टर मैहर ने राजस्व महाभियान की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम मैहर विकास सिंह, एसडीएम अमरपाटन आरती सिंह तथा अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।