शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी
नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर के जी तिवारी शनिवार को सोहागपुर तहसील के ग्राम रानी पिपरिया में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर में शामिल हुए। कमिश्नर ने रानी पिपरिया के ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी एवं ग्राम में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली। कमिश्नर ने ग्रामीणों से कहां की शिविर में अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के संबंध में आवेदन दें सभी आवेदनों का प्राथमिकता से यथोचित निराकरण किया जाएगा। कमिश्नर ने शिविर में आए ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजना की जानकारी दी, साथ ही संबल योजना से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी और कहां की सभी पात्र व्यक्ति संबल योजना का लाभ अवश्य लें। कमिशनर ने बताया की जगह-जगह शिविर आयोजित कर 15 विभागों की 45 योजनाएं एवं 14 विभागों की 63 सेवाओं का लाभ आम जनता को प्राथमिकता से दिलाया जा रहा है। उन्होंने शिविर में आए ग्रामीणों को नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, विधवा विवाह प्रोत्साहन योजना, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कल्याणी पेंशन आदि के संबंध में जानकारी दी। शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से कमिश्नर को अवगत कराया। राजेश कुशवाहा ने बताया कि उनके जमीन का नामांतरण होना है, वही सीताबाई ने बताया कि अब तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। साथ ही उनकी पोती 4 माह की हो चुकी है लेकिन अभी भी जननी सुरक्षा का पैसा उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि जल्दी ही जननी सुरक्षा योजना का पैसा शीघ्र ही हितग्राही को दिलाया जाएगा। सीताबाई ने बताया कि अब तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। सरपंच ने अवगत कराया की प्रधानमंत्री आवास योजना में सीताबाई का नाम हितग्राहियों की लिस्ट में 114 नंबर है। वर्तमान में 69 नंबर वाले प्रतिक्षा सूची वालों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिला है। कुछ समय बाद जब इनका नंबर आएगा तो इन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
कमिश्नर ने शिविर में आए ग्रामीणों को बताया कि 11 दिसंबर से मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान प्रारंभ हो चुका है जो 26 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान सभी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को प्राथमिकता से दिलाया जाएगा। कमिश्नर ने शिविर में ग्रामीणों से अविवादित नामांतरण, सीमांकन बंटवारा, एवं अन्य राजस्व मामलों को लेकर आ रही समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है विशेष तौर पर जीवन कॉलोनी में निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। विद्युत विभाग द्वारा मनमाना बिजली का बिल दिया जा रहा है। कमिश्नर ने पानी निकासी के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए साथ ही विद्युत विभाग के यंत्री को निर्देश दिए कि वह सभी के मीटर चेक करें और देखें की क्षमता से ज्यादा बिजली बिल ग्रामीणों को क्यों दिए जा रहे हैं। ग्राम के सचिव ने बताया कि 70 प्लस वालों के सभी लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। साथ ही सामान्य आयुष्मान कार्ड भी बना दिए गए हैं। एक महिला ने बताया कि कागज पर उनके पास एक एकड़ जमीन है लेकिन दबंगो द्वारा उनकी जमीन धीरे-धीरे दबाई जा रही हैं। कमिश्नर ने तत्संबंध में जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
रानी पिपरिया के सरपंच दिनेश पटेल के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के नाम सूचना पटल पर इंद्राज किए जाने पर कमिश्नर ने सरपंच की सराहना की और जनपद पंचायत सोहागपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय अग्रवाल को निर्देश दिए कि वह अपने सभी ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के आगे लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों के नाम अवश्य लिखें ताकि सभी को अपने नंबर का पता रहे। रानी पिपरिया में कमिश्नर तिवारी ने अशोक के पौधे का रोपण किया। इस दौरान उपायुक्त राजस्व गणेश जायसवाल, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग राजाराम मीणा, नायब तहसीलदार नीरू जैन एवं अन्य संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।
