प्रदेश के सर्वांगीण और समावेशी विकास की दिशा में अग्रसर होने एवं वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ-साथ मध्य प्रदेश को भी विकसित राज्य बनाने के उद्देश्य से जिला, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन करने हेतु निर्देश दिये गये हैं। इसी कड़ी में विजन 2047 तक मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने की मंशा से बुरहानपुर जिले का विजन डॉक्यूमेन्ट तैयार किया जा रहा है। इस हेतु आज नगर निगम बुरहानपुर अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी स्थित परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित रहा। कार्यक्रम से पहले देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह की याद में दो मिनट का मौन धारण किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम को बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने संबोधित करते हुए कहा कि, हमें मन में यह भाव रखकर कार्य करना होगा, जिससे हमारा देश, प्रदेश एवं जिला बुरहानपुर भी आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर महापौर माधुरी पटेल ने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट 2047 में विकास के पहलू शामिल है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। नगर निगम अध्यक्ष अनिता यादव ने भी जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर के विकास की बात कही। इस अवसर पर कलेक्टर भव्या मित्तल ने जनसंवाद कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, विजन डॉक्यूमेंट-2047 बना रहें है। इसमें शासकीय विभागों के साथ-साथ नागरिकगणों के समन्वय से क्षेत्र के विकास को गति मिल सकेंगी। पर्यटन विभाग भोपाल से आये ओपी मिश्रा ने बुरहानपुर पर्यटन पर चर्चा करते हुए कहा कि, बुरहानपुर में पर्यटन विकास की अपार संभावनायें है। जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न मंचों के माध्यम से अपने-अपने विचार रखे गये। जिसमें गरीब कल्याण, युवा, महिला, पत्रकार, कृषक, सामजिक, जनजातीय विकास तथा उद्योग एवं व्यापार मंच आदि शामिल रहे। युवा मंच के माध्यम से कला, संस्कृति, शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में बुरहानपुर को विकसित करने की बात कही गई। इसके साथ ही कहा गया कि, बुरहानपुर में उच्च शिक्षा एवं सरकारी नौकरी के लिए बेहतर कोचिंग क्लासेस होना चाहिए, जिससे युवा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। बुरहानपुर में विश्वविद्यालय होना चाहिए। जिससे जिले के विद्यार्थी बाहर न जाते हुए इसी विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर पाये। उद्योग व व्यापार मंच ने कनेक्टिविटी के संबंध में अपने विचार रखें। जन संवाद कार्यक्रम में कृषक मंच ने कहा कि, बुरहानपुर में कृषि विद्यालय होना चाहिए। जिससे क्षेत्र का विकास हो सकें। वहीं जनजातीय मंच द्वारा कहा गया कि, बुरहानपुर शहर में कलाकारों को एक मंच मिलें। जिसके माध्यम से कलाकारों को ट्रेनिंग मिलें और वे उस क्षेत्र में आगे बढे़। पत्रकार मंच द्वारा पर्यटन और खेल सुविधाओं को लेकर अपनी बात रखी गई। जनसंवाद कार्यक्रम में सभी लोगों से फीडबैक भी लिया गया। जनसंवाद कार्यक्रम में अन्य सम्मानीय जनप्रतिनिधिगण, अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, बुरहानपुर एसडीएम पल्लवी पौराणिक, उपायुक्त वित्त शैलेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिकगणों ने सहभागिता की।
