महापौर मालती राय ने जलकार्य विभाग, सीवेज प्रकोष्ठ एवं फायर बिग्रेड के कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश

 जल उपभोक्ता प्रभार की वसूली प्रभावी ढंग से करने और अवैध नल कनेक्शन विच्छेद की कार्यवाही सुनिश्चित करें 


कालोनियों में स्थापित एसटीपी नियमित रूप से संचालित कराने तथा  कालोनियों में एसटीपी न बनाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करें 




महापौर मालती राय ने जलकार्य विभाग, सीवेज प्रकोष्ठ तथा फायर बिग्रेड शाखा के कामकाज की समीक्षा की और जल उपभोक्ता प्रभार की वसूली प्रभावी ढंग से करते हुए राजस्व आय बढ़ाने, अवैध नल कनेक्शन विच्छेद करने, पानी का अपव्यय रोकने तथा शहर के नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने सीवेज कनेक्शन संबंधी कार्यवाही शीघ्रता से पूर्ण करते हुए सीवेज शुल्क के रूप में राजस्व आय बढ़ाने, सीवेज संबंधी समस्याओं को शीघ्रता से निराकृत करने, खुले में सीवेज बहाने वाले, कालोनियों में भवन अनुज्ञा की बाध्यता अनुसार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट न बनाने वाले कालोनाइजर्स व कालोनियों में स्थापित एसपीटी का संचालन न करने वाले रहवासी संघों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने कालोनी कैम्पस में स्थापित एसटीपी को बेहतर ढंग से संचालित कराने के निर्देश भी दिए। महापौर ने निगम के फायर अमले को उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ अग्निशमन की कार्यवाही पूरी मुस्तैदी के साथ करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान महापौर परिषद के सदस्य रविन्द्र यती, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, कार्यपालन यंत्री आर.के.त्रिवेदी, फायर ऑफिसर सौरभ पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 



महापौर मालती राय ने शुक्रवार को श्यामला हिल्स स्थित जलकार्य विभाग के सभाकक्ष में निगम के जलकार्य विभाग, सीवेज प्रकोष्ठ तथा फायर बिग्रेड शाखा के कामकाज की समीक्षा करते हुए जलकार्य विभाग के तहत शहर में पेयजल आपूर्ति, जल उपभोक्ता प्रभार की वसूली, बकायादारों व अवैध नल कनेक्शनों के विरूद्ध कार्यवाही के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की साथ ही शहर की सीवेज व्यवस्था, सीवेज कनेक्शन, एसटीपी संचालन, सीवेज लाईनों/चेम्बर्स की सफाई तथा शहर में स्थापित फायर सबस्टेशन, उपलब्ध वाहन व अन्य संसाधन आदि के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। महापौर राय ने पानी का अपव्यय रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने, जल उपभोक्ता प्रभार की वसूली और अधिक तेजी से करते हुए राजस्व आय में वृद्धि करने, बकायादारों व अवैध कनेक्शनधारियों के नल कनेक्शन विच्छेद करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने शहर के नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दृष्टिगत पानी की टंकियों की साफ-सफाई एवं पुताई कराने के निर्देश दिए । 



महापौर मालती राय ने सीवेज प्रकोष्ठ की समीक्षा करते हुए कालोनियों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का बेहतर ढंग से संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए साथ ही कालोनियों/बिल्डर्स को भवन अनुज्ञा जारी करते समय कालोनी कैम्पस में एसटीपी स्थापित कर उसे संचालित करने की बाध्यता का पालन न करने वाले कालोनाइजर्स के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने जिन कालोनी कैम्पस में एसटीपी स्थापित हैं और उनका संचालन रहवासी संघों द्वारा नहीं किया जाता है तो ऐसे रहवासी संघों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने सीवेज कनेक्शन देने की कार्यवाही शीघ्रता से करते हुए सीवेज शुल्क की वसूली करने और सीवेज संबंधी शिकायतों का शीघ्रता से निदान करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने खुले में सीवेज बहाने वालों को नोटिस आदि जारी कर सख्ती के साथ नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने, सीवेज लाईनों/चेम्बरों की सफाई सुरक्षित ढंग से तथा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के साथ कराने के निर्देश भी दिए। 

महापौर मालती राय ने फायर बिग्रेड की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि फायर अमला उपलब्ध संसाधनों का बेहतर ढंग से उपयोग करते हुए और अधिक मुस्तैदी के साथ अग्निशमन की कार्यवाही करें।


Post a Comment

Previous Post Next Post