ग्राम वारोली, मोहद, खकनारकलां व धाबा में आयोजित रहे शिविर
जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ‘‘प्रशासन गाँव की ओर‘‘ थीम पर सुशासन सप्ताह का गुरूवार को विधिवत रूप से शुभारंभ हुआ। सुशासन सप्ताह 19 दिसम्बर से प्रारंभ होकर 24 दिसम्बर तक संचालित रहेगा। इसके तहत गाँवों में शिविर आयोजित किये जा रहे है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत बुरहानपुर के ग्राम पंचायत वारोली व मोहद तथा जनपद पंचायत खकनार के ग्राम पंचायत खकनारकलां व धाबा में शिविर आयोजित रहे। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिये जाने हेतु आवदेन पत्र भी प्राप्त किये गये। जन-शिकायतों की अधिकतम संख्या को निपटाने के लिए सरकार की यह एक पहल है। सुशासन सप्ताह के दौरान अधिक से अधिक संख्या में जन-शिकायतों एवं सेवा प्रदाय आवेदनों का निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। सुशासन सप्ताह अंतर्गत जन-शिकायतों का निवारण करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुँचाया जायेगा। सुशासन सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा जनता की प्रत्येक समस्या का समाधान करना है। कलेक्टर भव्या मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन सप्ताह के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किये जा रहे है। इन शिविरों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न सेवाएं समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले में सुशासन सप्ताह के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
