नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान से पहले मध्यप्रदेश पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार

 विगत दो दिनों में 1 करोड़ 32  लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 14 जुलाई को प्रारंभ किए जाने वाले राज्यव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान से पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध व्यापक एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। विगत दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई कार्यवाहियों के दौरान लगभग 1 करोड़ 32  लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ , वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

नीमच

जिले के थाना सिंगोली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 450 किलो 800  ग्राम डोडाचूरा जब्‍त कर राजस्थान निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग  72 लाख 64 हजार रूपए का डोडाचूरा, पिकअप वाहन, मोबाइल एवं अन्य सामग्री जब्त की है।

इसके अतिरिक्‍त एक अन्‍य कार्यवाही में थाना नीमच सिटी पुलिस ने ट्रैवल्स बस के माध्यम से तस्करी कर ले जाए जा रहे 105 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 15 लाख 75 हजार रूपए का मादक पदार्थ जब्त किया है। इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 88 लाख 39 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है। 

रतलाम

जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बिना नंबर की लग्जरी महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। कार्रवाई में डोडाचूरा एवं लग्जरी वाहन सहित लगभग 25 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

     इसी प्रकार एक अन्‍य कार्यवाही में थाना माणकचौक पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके  कब्जे से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (MDMA) जब्‍त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रूपए है।

इंदौर

थाना कनाड़िया पुलिस ने तीन एमडी ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 47.78 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं तस्करी में प्रयुक्त कार सहित लगभग 15 लाख 70 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

इसी प्रकार मंदसौर जिले के थाना नई आबादी पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 65 किलोग्राम डोडाचूरा सहित 1 लाख 5 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की। वहीं कटनी जिले के थाना कुठला की बिलहरी पुलिस ने एक आरोपी को 10 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रूपए) के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों के स्रोत, तस्करी नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

15  जुलाई से प्रारंभ होने जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। मध्यप्रदेश पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि जनसहभागिता को सशक्त बनाकर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में व्यापक जनआंदोलन का वातावरण तैयार करना भी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post