शिवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर राजधानी भोपाल के 11 नंबर स्थित साईं बाबा नगर, दुर्गा चौक दरबार में शिव महापुराण कथा का भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व प्रातःकाल श्री शिव आश्रय सेवार्थ समिति के तत्वावधान में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में मातृशक्ति द्वारा सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया गया। यात्रा के दौरान “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा के पश्चात 11,000 पार्थिव शिवलिंग निर्माण का विशेष एवं पुण्य आयोजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पार्थिव शिवलिंग पूजन से कष्टों का निवारण होता है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है।
समिति द्वारा जानकारी दी गई कि शिव महापुराण कथा का आयोजन 2 फरवरी से 8 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। शिव महापुराण कथा के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, उनके आदर्श जीवन, भक्ति, वैराग्य और कल्याणकारी स्वरूप का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। कथा श्रवण हेतु प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।
आयोजकों ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत आगामी 15 फरवरी को क्षेत्र में भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। शिव बारात में भगवान शिव की आकर्षक झांकी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों का उत्साह देखने योग्य रहेगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित शिव बारात में सम्मिलित होकर आयोजन को भव्य बनाने की अपील की है।
इस संपूर्ण शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्री शिव आश्रय सेवार्थ समिति, भोपाल द्वारा किया जा रहा है। समिति के सदस्यों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।






.jpeg)
