मंत्री इन्दर सिंह परमार ने हरदा के महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए पॉलिटेक्निक महाविद्यालय भवन के जीर्णोद्धार के लिए कहा
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री इन्दर सिंह परमार ने सोमवार को हरदा प्रवास के दौरान, सर्किट हाउस हरदा में आयोजित प्रेसवार्ता में, एक फरवरी को संसद में प्रस्तुत किये गये केन्द्रीय बजट के प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान इन्दर सिंह परमार ने बताया कि सरकार का केन्द्रीय बजट किसान, युवा, मातृ शक्ति एवं गरीब कल्याण पर आधारित है। बजट में लोक कल्याण की योजनाओं को यथावत रखा गया है। बजट पूरी तरह से संतुलित है। यह बजट, सरकार के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सफल बनाने के लिये मील का पत्थर साबित होगा।
उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं ग्रामीण भारत के विकास के लिये अधिकतम वित्तीय प्रावधान किये गये है। अधोसंरचना में विकास एवं अनुसंधान पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट, भारत के आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करता है। बजट में विदेशी निवेश बढ़ाने का भी ध्यान रखा गया है। बजट ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विकास को संतुलित करता है। इन्दर सिंह परमार ने कहा कि बजट पूर्णतः विकासोन्मुखी है। बजट में कोई नये कर भी नहीं लगाये गये हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने हरदा के महाविद्यालयों का किया निरीक्षण
उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने हरदा प्रवास के दौरान, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का औचक निरीक्षण कर, वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में निरीक्षण के दौरान, मंत्री इन्दर सिंह परमार ने लैब एवं कक्षाओं का निरीक्षण कर पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के जीर्णोद्धार के निर्देश दिये। इन्दर सिंह परमार ने कहा कि कॉलेज की विद्युत मरम्मत इलेक्ट्रिशियन शाखा के विद्यार्थियों द्वारा कराई जाए। जीर्णोद्धार योग्य कार्य के लिये इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाए तथा डिस्मेंटल योग्य हिस्से को डिस्मेंटल कराया जाए। कॉलेज भवन को पूरी मरम्मत कराकर छात्र उपयोगी बनाया जाए। इन्दर सिंह परमार ने कॉलेज की प्रवेश व्यवस्था एवं प्लेसमेंट पर संतोष व्यक्त किया।
मंत्री इन्दर सिंह परमार ने पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के निरीक्षण के दौरान वहां की शैक्षणिक गुणवत्ता और अधोसंरचना का बारीकी से निरीक्षण किया। इन्दर सिंह परमार ने कॉलेज प्रशासन को बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। इन्दर सिंह परमार ने कॉलेज की लायब्रेरी को व्यवस्थित करने के निर्देश दिये।
मंत्री इन्दर सिंह परमार ने आदर्श महाविद्यालय अबगांव खुर्द का निरीक्षण किया
उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने हरदा प्रवास के दौरान, आदर्श महाविद्यालय अबगांवखुर्द का औचक निरीक्षण किया। मंत्री इन्दर सिंह परमार ने निरीक्षण के दौरान भवन के फर्श की मरम्मत कराने के निर्देश दिये। इन्दर सिंह परमार ने इस दौरान उपस्थित स्टाफ से शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मंत्री इन्दर सिंह परमार ने श्री वेलनेस सेंटर का शुभारम्भ किया
उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने हरदा में श्री वेलनेस सेंटर का शुभारम्भ भी किया। इस दौरान इन्दर सिंह परमार ने कहा कि इस केन्द्र से स्थानीय व्यक्तियों को जिले से बाहर अन्य स्थानों की बजाय स्थानीय स्तर पर उपचार सुविधा उपलब्ध होगी एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति पर विश्वास बढ़ेगा।
इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, राजेश वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं कॉलेज स्टाफ उपस्थित थे।
