दुर्ग: धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि से कृषक खिलावन देशमुख के चेहरे पर साफ़ दिखी ख़ुशी

तुंहर टोकन' ऐप ने खरीदी प्रक्रिया को बनाया आसान, किसानों को मिली बड़ी राहत

दुर्ग, 18 नवंबर 2025 /

जिले में छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी नीतियाँ सफलतापूर्वक लागू हो रही हैं, जिसके परिणाम स्वरूप ग्राम जंजगिरी के कृषक खिलावन सिंह देशमुख जैसे किसान आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ रहे हैं। खिलावन सिंह देशमुख ने अंडा सोसाइटी में अपनी 86 क्विंटल से अधिक की धान उपज बेची। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य में हुई उल्लेखनीय वृद्धि के कारण उनकी आय में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। पूर्व में, उन्हें अपनी लगभग 4.25 एकड़ की उपज से मुश्किल से 1.25 लाख से 1.40 लाख तक प्राप्त होते थे, जबकि इस वर्ष अब उन्हें लगभग 2.70 लाख की आय हो रही है। इस आर्थिक संबल के साथ ही, कृषक खिलावन सिंह देशमुख ने शासन की पारदर्शी और तकनीक-आधारित धान खरीदी व्यवस्था की भी विशेष सराहना की। उन्होंने बताया कि ’’तुंहर टोकन’’ मोबाइल ऐप का उपयोग करके उन्हें घर बैठे ही अपनी उपज बेचने के लिए निर्धारित तिथि और समय का टोकन आसानी से मिल गया। इस तकनीक ने उपार्जन केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारों को समाप्त कर दिया है, जिससे किसानों का बहुमूल्य समय और श्रम बच रहा है। कृषक खिलावन सिंह देशमुख के अनुसार, इस त्वरित और सुगम प्रक्रिया से उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस बेहतर समर्थन मूल्य और सरल व्यवस्था के लिए खिलावन सिंह देशमुख ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया, जो दर्शाता है कि राज्य सरकार की योजनाएँ सही मायनों में किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बना रही हैं

Post a Comment

Previous Post Next Post