कोरिया : ऑनलाइन टोकन से किसान ने बेचा 60 क्विंटल धान, मिली आर्थिक राहत

किस्तों के भुगतान में मिलेगी मदद


कोरिया, 18 नवम्बर 2025

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले के किसान अब ऑनलाइन टोकन प्रणाली का लाभ उठा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम जामपानी निवासी किसान प्यारे लाल सिंह (पिता–हरिप्रसाद, उम्र 35 वर्ष) आज सहकारी समिति जामपारा में ऑनलाइन टोकन लेकर पहुंचे और उन्होंने 60 क्विंटल धान विक्रय किया।

प्यारे लाल सिंह ने बताया कि उन्होंने 7 एकड़ भूमि में धान की खेती की थी। धान की बिक्री से उन्हें 1 लाख 42 हजार रुपये प्राप्त होंगे, जिससे उनके ट्रैक्टर और जेसीबी की किस्त चुकाने में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली यह राशि खेती-किसानी की निरंतरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

किसान ने राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी के लिए की गई सुगम और समुचित व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली से केंद्रों में भीड़ कम होती है और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी हो गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post