सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने उठाए गंभीर सवाल, कहा सरकारी संपत्तियों की लूट मचा रही है भाजपा सरकार
छतरपुर जिले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का एक सरकारी भवन संदिग्ध परिस्थितियों में बेचे जाने का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। यह भवन शहर के कोतवाली क्षेत्र में बालाजी मंदिर के सामने स्थित बताया जा रहा है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये आँकी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह सौदा कुछ प्रभावशाली नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत से किया गया है।
इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा गजब है मध्य प्रदेश! अब तो यहां सरकारी भवन भी सुरक्षित नहीं हैं। सरकारी संपत्तियों की खुली लूट हो रही है और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। यह प्रदेश की प्रशासनिक और नैतिक गिरावट का सबसे बड़ा उदाहरण है।डॉ. यादव ने आगे कहा कि इस पूरे प्रकरण में कुछ प्रभावशाली मंत्री और भाजपा नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने माँग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किनकी शह पर यह सौदा किया गया।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। सरकारी संपत्तियों को बेचने की इस लूट पर अब चुप्पी नहीं चलेगी।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह मामला न केवल प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक है बल्कि यह दर्शाता है कि भाजपा शासन में जनसंपत्ति कैसे निजी हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण के और खुलासे होने की संभावना है।
Tags
मध्य प्रदेश
