‘‘स्वच्छ शहर जोड़ी’’
महापौर राय व विधायक खत्री ने स्वच्छता हेतु श्रमदान कर नागरिकों को किया प्रेरित, डस्टबिन व कपड़े के थैले भी वितरित किये
महापौर मालती राय एवं विधायक विष्णु खत्री ने शनिवार को बैरसिया में स्वच्छ शहर जोड़ी के द्वितीय चरण में स्वच्छता जनजागरूता रैली का शुभारंभ किया। महापौर राय व विधायक खत्री ने स्वयं स्वच्छता हेतु श्रमदान कर नागरिकों को स्वच्छता में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया। महापौर राय ने बैरसिया के विभिन्न स्थानों पर आम नागरिकों एवं व्यवसायियों से चर्चा की और बैरसिया शहर को स्वच्छता की उच्च स्तरीय रैकिंग के लिए स्वयं से स्वच्छता की शुरूआत कर अन्य नागरिकों को भी स्वच्छता हेतु सक्रिय रूप से सहयोग करने का आव्हान किया। महापौर राय ने व्यवसायियों को डस्टबिन वितरित किये एवं सदैव गीला-सूखा कचरा पृथक-पृथक डस्टबिन में रखने की समझाइश दी साथ ही स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत सिंगल यूज प्लास्टिक/पालीथीन के स्थान पर वैकल्पिक सामग्री का उपयोग करने को कहा एवं कपड़े के थैले भी वितरित किये।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण की निरंतर प्रगति के आधार पर भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा ‘‘स्वच्छ शहर जोड़ी’’ के रूप में प्रारंभ की गई अभिनव पहल के तहत नगर पालिक निगम, भोपाल एवं नगर पालिका बैरसिया को स्वच्छ शहर जोड़ी बनाया गया है। इस अभिनव पहल के माध्यम से दोनों शहरों के मध्य निर्धारित मानकों अनुसार स्वच्छता की गतिविधियां सुनिश्चित की जा रही है।



