भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा आयोजित की गई थी रैली
महापौर मालती राय ने गुणवत्ता साईकिल रैली का शुभारंभ किया। भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा गुणवत्ता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और जीवन के हर क्षेत्र में उच्च मानकों को अपनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने हेतु रैली आयोजित की गई।
महापौर मालती राय ने शनिवार को बोट क्लब पर आयोजित गुणवत्ता साईकिल रैली का शुभारंभ किया। महापौर राय ने इस अवसर पर कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के उपयोग के साथ ही हमें अपनी जीवनशैली और अपने दृष्टिकोण को भी उच्च मानकों के अनुरूप बनाना चाहिए ताकि हमारी समाज में अलग पहचान बनें। महापौर राय ने विभिन्न प्रकार के उत्पादों की गुणवत्ता बनाये रखने और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के उपयोग के प्रति जनजागरूकता उत्पन्न करने हेतु भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
इस मौके पर महापौर ने केनवास पर अपने विचार भी अंकित किये। भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारियों ने महापौर राय को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया। रैली में बड़ी संख्या में प्रतिभागी व भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।



