भोपाल नगर निगम ने की विसर्जन घाटों/कुंडों पर माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन की पर्याप्त व्यवस्थाएं

 07 विसर्जन कुण्डों/घाटों पर शनिवार को 
सुगमतापूर्वक 4016 प्रतिमाएं की गई विसर्जित


नगर निगम भोपाल द्वारा माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु शहर के सभी विसर्जन घाटों/कुंडों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है और इन व्यवस्थाओं के माध्यम से माँ दुर्गा की प्रतिमाओं को सुगमतापूर्वक विसर्जित किया जा रहा है। शनिवार को समाचार लिखे जाने तक शहर के सभी 07 विसर्जन घाटों/कुंडों पर माँ दुर्गा की 04 हजार 16 प्रतिमाओं को विसर्जित किया जा चुका है जबकि शुक्रवार को 02 हजार 755 प्रतिमाएं विसर्जित की गई थीं इस प्रकार अभी तक सभी विसर्जन घाटों पर कुल 06 हजार 771 मां दुर्गा की प्रतिमाएं विसर्जित की गई हैं और विसर्जन का क्रम अभी जारी है। 


महापौर मालती राय द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में निगम प्रशासन ने शहर के 07 विसर्जन घाटों/कुंडों पर माँ दुर्गा की प्रतिमाओं को ससम्मान व पूर्ण विधि-विधान अनुसार विसर्जित करने की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में क्रेन, प्लेटफार्म, बोट्स, सभी आवश्यक संसाधनों से लैस गोताखोर व फॉयर ब्रिगेड का अमला तैनात किया है साथ ही विसर्जन घाटों एवं उनके पहुंच मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था के साथ ही विसर्जन कुण्डों/घाटों पर कंट्रोल रूम स्थापित किये गये है। उक्त व्यवस्थाओं को निरंतरता के साथ बेहतर बनाए रखने और श्रद्धालुजन को प्रतिमाओं के विसर्जन में किसी प्रकार की कठिनाई न आने देने हेतु निगम प्रशासन ने वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है साथ ही प्रभारी अधिकारी एवं प्रभारी सहायक अधिकारियों को भी पदस्थ किया है। 


निगम द्वारा विसर्जन घाटों/कुण्डों पर माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्ण विधि विधान, ससम्मान एवं सुरक्षित ढंग से कराया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक प्रेमपुरा में 02 हजार 03 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है जबकि रानी कमलापति घाट पर 455  प्रतिमाओं, खटलापुरा में 259 प्रतिमाओं, शाहपुरा में 155 प्रतिमाओं, बैरागढ़ में 519 प्रतिमाओं, मालीखेड़ी में 127 प्रतिमाओं तथा हथाईखेड़ा में 498 प्रतिमाओं सहित कुल 04 हजार 16 प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी हैं। विसर्जन के इसी क्रम में शुक्रवार को 02 हजार 755 प्रतिमाएं ससम्मान पूर्ण विधि विधान के साथ विसर्जित की गई थीं। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के क्रम में अभी तक लगभग 06 हजार 771 प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी हैं और विसर्जन का क्रम अभी जारी है।





Post a Comment

Previous Post Next Post