प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की
मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल रविवार को दतिया प्रवास पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पीताम्बरा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। राज्यपाल ने माँ पीताम्बरा से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
राज्यपाल पटेल ने मंदिर प्रांगण में पहुंचकर भक्तिमय वातावरण में कुछ समय ध्यान भी लगाया और कहा कि :—
"माँ पीताम्बरा का आशीर्वाद हम सबके जीवन में शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।"
माँ पीताम्बरा के दर्शन के बाद राज्यपाल श्री पटेल ने वनखंडेश्वर बाबा मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर दतिया क्षेत्र में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में राज्यपाल का स्वागत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने गरिमामय ढंग से किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने राज्यपाल के प्रवास को सुचारु और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की थीं।
राज्यपाल के इस प्रवास को दतिया वासियों ने गौरव का अवसर बताया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनके साथ माँ पीताम्बरा और वनखंडेश्वर बाबा के दर्शन किए।
