राजधानी भोपाल में शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता विंदु दारा सिंह ने शिष्टाचार भेंट की।

यह मुलाकात समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास पर हुई। 



मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर विंदु दारा सिंह का शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने उन्हें प्रदेश सरकार की फिल्म निर्माण नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किस तरह मध्यप्रदेश फिल्मकारों के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है। यहाँ की लोकेशन्स न केवल दर्शनीय हैं बल्कि फिल्मों और धारावाहिकों के लिए भी बेहद उपयुक्त मानी जाती हैं।


उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष रियायतें और सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है, जिससे आने वाले समय में और अधिक प्रोडक्शन हाउस प्रदेश का रुख करेंगे। 
विंदु दारा सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को यादगार बताते हुए कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश का धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव हमेशा प्रभावित करता है।


उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में बड़े स्तर पर फिल्मांकन होगा और इसका लाभ न केवल फिल्म उद्योग को बल्कि प्रदेश के पर्यटन और रोजगार क्षेत्र को भी मिलेगा। 
बता दें कि विंदु दारा सिंह का नाम उन कलाकारों में शुमार है, जिन्होंने छोटे और बड़े पर्दे पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।

उन्होंने लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों ‘जय वीर हनुमान’ (1995), ‘विष्णु पुराण’ (2000) और ‘अयोध्या की रामलीला’ (2020) में भगवान हनुमान का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इसके अलावा उन्होंने हिंदी सिनेमा की कई फिल्मों में भी अपनी अदाकारी से दर्शकों को प्रभावित किया है।

मध्यप्रदेश प्रवास पर आए विंदु दारा सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस भेंट को प्रदेश में फिल्म उद्योग और संस्कृति को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post