एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आम के पौधे का किया रोपण
हरी झंडी दिखाकर बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहन का किया लोकार्पण
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान मंगलवार को राजकीय बाल संरक्षण गृह, वन स्टॉप सेंटर, बाल भवन, सखी निवास आदि स्थानों का अवलोकन किया। मंत्री निर्मला भूरिया ने बच्चों और संबंधित अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया। बातचीत के माध्यम से मंत्री निर्मला भूरिया ने मौके पर ही बच्चों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार की योजनाओं से उन्हें लाभांवित किया जायेगा। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रजनीश सिन्हा, संयुक्त संचालक डॉ. विशाल नाडकर्णी, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक संध्या व्यास, परियोजना अधिकारी राजेन्द्र मण्डलोई, उप संचालक सुनीता यादव, सहायक संचालक विष्णु प्रताप सिंह, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक वंचना परिहार, बाल संरक्षण आश्रम के अधीक्षक दिनेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर मंत्री भूरिया ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत राजकीय बाल संरक्षण गृह में आम के पौधे का रोपण किया। साथ ही राजकीय बाल संरक्षण गृह में पढ़ने वाले बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहन को हरी झण्डी दिखाकर उसका लोकार्पण किया। मंत्री निर्मला भूरिया ने पलासिया स्थित बाल भवन परिसर का सम्पूर्ण अवलोकन किया। वहाँ उन्होंने बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न बाल गतिविधियों को नजदीकी से देखा। साथ ही बच्चों से संवाद किया। उन्होंने पलासिया स्थित सखी निवास में कामकाजी महिलाओं की समस्याओं को जाना और बातचीत के माध्यम से उनका समाधान किया।

