रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेरुआ कला के समीप आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा घटित हुआ। कार और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी दौरान मौके से गुजर रही प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए तुरंत अपना वाहन रुकवाया और हादसे में घायल हुए लोगों की मदद के लिए आगे आईं । उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की अपील की और तत्काल व्यवस्था कराकर उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचवाया।
बागरी ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सिविल सर्जन को फोन पर सूचित किया और सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी घायल को इलाज के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
राज्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
स्थानीय प्रशासन भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुँचा और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में घायल सभी लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
ग्रामवासियों ने राज्यमंत्री बागरी की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की और कहा कि उनकी त्वरित पहल से घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
यह घटना न केवल सड़क सुरक्षा के महत्व की याद दिलाती है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के मानवीय पक्ष को भी सामने लाती है।
