प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में हुआ जोरदार प्रदर्शन
मध्य प्रदेश में बढ़ती बेरोज़गारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं पर अत्याचार, आदिवासी और दलितों के उत्पीड़न, किसानों की समस्याओं, भ्रष्टाचार और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जैसे जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने आज प्रदेश कार्यालय भोपाल से विधानसभा घेराव का बिगुल फूंका। सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में हुए इस जनांदोलन में प्रदेश भर से लगभग 5,000 कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए ।
पूर्व मंत्री (उत्तर प्रदेश) बादशाह सिंह भी इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहे और उन्होंने प्रदेश की सत्ता एवं विपक्ष दोनों को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि "जनता के मूल मुद्दों पर दोनों ही दलों की चुप्पी लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।"
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने अपने संबोधन में कहा, "मध्यप्रदेश की जनता अब जाग चुकी है, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने जनआवाजों को कुचलने का काम किया है। सपा ही एकमात्र विकल्प है जो बिना किसी भेदभाव के संविधान और न्याय के मूल सिद्धांतों पर जनसेवा करती है।"
सुबह 10 बजे पार्टी प्रदेश कार्यालय से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन पैदल मार्च करते हुए शिवाजी चौक तक पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह पुलिस द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चार लेयर में पुलिस बल, तीन लेयर की बैरिकेडिंग और वाटर कैनन समेत गिरफ्तारी के लिए बसें तैनात की गई थीं। जैसे ही सपा कार्यकर्ता शिवाजी चौक पहुंचे, पुलिस से हल्की झूमाझटकी की स्थिति उत्पन्न हो गई। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने संयम और नेतृत्व की मिसाल पेश करते हुए पुलिस के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम 18 सूत्रीय ज्ञापन ASP को सौंपा।ज्ञापन में सामाजिक न्याय, ओबीसी आरक्षण, महिला अत्याचार, दलित-आदिवासी उत्पीड़न, किसानों की दुर्दशा, युवाओं की बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य में गिरावट, पत्रकारों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था में गिरावट, और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है।
समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार इन जनमुद्दों का समयबद्ध निराकरण नहीं करती है, तो पार्टी पूरे प्रदेश में चरणबद्ध जनआंदोलन छेड़ेगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह, सूफियान कुरैशी, डॉ. सत्येंद्र यादव, डॉ.राजाराम विजोल समेत प्रदेश एवं जिला इकाइयों के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags
मध्य प्रदेश




