अपराधियों से वसूली करना, भाजपा नेताओं को हफ्ता जाना, वसूली की नई संस्कृति से पुलिस भी तनाव में है : जीतू पटवारी

 जबलपुर में मृतकों के परिजनों से मिले श्री पटवारी, न्याय दिलाने का दिया आश्वासन, दो-दो करोड़ रू. मुआवजा दिलाने की उठाई मांग 



देश गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी के चिंताजनक दौर 
में दाखिल हो चुका है : जीतू पटवारी


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज जबलपुर पहुंचकर दबंगों द्वारा की गई चार लोगों की हत्या पर चिंता की तथा मृतकों के परिवारजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुये ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि कांग्रेस उन्हें न्याय दिलायेगी। पटवारी ने कहा कि परिवार में आये इस संकट के अवसर पर परिवारजनों के अपार दुःख में भागीदार बनकर न्याय पाने के लिए संघर्ष के साझेदार कांग्रेस पार्टी बनेगी और सरकार से न्याय दिलायेगी। इस दौरान राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मंत्रीगण लखन घनघोरिया, तरुण भानोट, सौरभ नाटी शर्मा सहित अन्य नेतागण उपस्थित थे। 



पटवारी ने वहीं केंद्र द्वारा जारी बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि देश गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी के चिंताजनक दौर में दाखिल हो चुका है, लेकिन भाजपा देश को लूटने और बेचने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के बजट में हर बार देश को निराश ही किया है। कम से कम इस बजट में किसानों की समस्याओं को दूर किया जाना चाहिए। लचर कानून-व्यवस्था और लाचार गृहमंत्री की कीमत एक परिवार कैसे चुका रहा है, इसका एक और सबूत मप्र की जनता के सामने है।
पटवारी ने जबलपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि जबलपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के अनियंत्रित हालत चिंता बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस परिवार के साथ पुलिस-प्रशासन के स्थानीय अधिकारियों को बेकाबू हालात की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव गौर से सुन ले, यदि इलाके में अराजकता की स्थिति जल्दी ही नहीं सुधरी, तो कांग्रेस पार्टी जबलपुर में निर्णायक आंदोलन करेगी।   



पटवारी ने मुख्यमंत्री को हिदायत देते हुये कहा कि मोहन यादव जी, पूरी भाजपा सरकार को इन आंसुओं में डूबकर मर जाना चाहिए। सरकारी संरक्षण में खुलेआम अवैध धंधे चल रहे है। अवैध धंधे करने वालों की अवैध संपत्ति सरकार कब जांचेगी? हत्यारों को पनाह देने वाले दोषी अधिकारियों पर मुकदमा कब दर्ज होगा? निर्दोषों को वास्तविक न्याय कब मिलेगा? जबलपुर में मृतकों के पीड़ित परिवारों को दो-दो करोड़ का मुआवजा तत्काल दिया जाए, बेबस आश्रितों को सरकारी नौकरी भी प्राथमिकता से मिले। मुख्यमंत्री जी, पथराई आंखों, आंसुओं का हिसाब, आपकी पुलिस को ही देना है।
श्री पटवारी ने कहा कि भिंड में माफिया द्वारा कलेक्टर के साथ मारपीट की गई, ट्रैक्टर चलाया गया। मप्र में सरकार चल रही है या सर्कस। पूरे प्रदेश में माफियाओं की सरकार चल रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बची नहीं है और पुलिस अपराधियों को संरक्षित करने में लगी हुई है, अपराधियों को बचाने में लगी हुई है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में 20 साल से भाजपा की सरकार है। प्रदेश के पुलिस महकमे में ना पूरा बल है, ना संसाधन है, ना महिलाओं का पुलिस बल है और ना ही वाहन है, पुराने वाहनों से पुलिस चल रही है तो अपराध बढ़ेंगे नहीं तो क्या होगा? उन्होंने कहा कि जनसंख्या के आधार पर जितने संसाधन होना चाहिए, जितना पुलिस बल होना चाहिए, उसका आधा भी नहीं है। यहां तक कि पुलिस की ट्रेनिंग भी बंद हो गई है। पुलिस के कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहकर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं और तनाव में घूम रहे हैं। 



पटवारी ने कहा कि मीडिया के समक्ष कहा कि आप सबको पहले भी कह चुका हूं और आज फिर चुनौती देता हूं कि पुलिस-प्रशासन में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता है, आखिर यह कैसी है अराजकता प्रदेश में फैली हुई है। मध्य प्रदेश में बुलेट ट्रेन की स्पीड की तरह कर्ज लेने की तैयारी चल रही है। अपराधियों से वसूली करना और सर पर बैठे भाजपा नेताओं को हफ्ता जाना, वसूली की नई संस्कृति से पुलिस भी तनाव में है। माफिया राज वाली सरकार में भिंड कलेक्टर पर हमला हो सकता है तो आम नागरिक की सुरक्षा का हाल समझा जा सकता है। 

पटवारी ने आज जबलपुर में पत्रकार वार्ता के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन और संघर्ष पर्व को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस मौजूद थे। 


Post a Comment

Previous Post Next Post