विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा संपन्न
जनकल्याण अभियान 11 दिसम्बर से 26 जनवरी 2025 एवं जनकल्याण पर्व 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर 2024 के व्यापक क्रियान्वयन के लिए शिविर आयोजित किये जा रहे हैं, सभी अधिकारी शिविर में जायें एवं चिन्हित हितग्राही मूलक योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें। उक्त निर्देश कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने आज विभागीय समन्वय एवं समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिये।
कलेक्टर बाफना ने बैठक में निर्देश दिये कि सभी जिला अधिकारीगण जनकल्याण अभियान एवं जनकल्याण पर्व के लिए आयोजित किये जा रहे शिविरों में उपस्थित रहें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजनों को अवगत कराएं। साथ ही पात्र हितग्राहियों का चयन कर शासन की योजनाओं से लाभांवित भी करें। उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहें।
इस दौरान कलेक्टर बाफना ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त होने वाली शिकायतों के निराकरण के लिए चयनित शिकायतों के समाधान की समीक्षा भी की। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में संतुष्टि का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय शाजापुर एवं सिविल अस्पताल शुजालपुर द्वारा मरीजों के उपचार एवं रेफर प्रकरणों की समीक्षा की। आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बायोमेट्रिक से नहीं बन रहा है, ऐसे बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड फेस रीडिंग से बनवाने तथा आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने विगत दिनों जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के लिए लगाए गए अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि जिला चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान बताए गए कार्यों को समयसीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा भी की।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण एवं शहरी योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण के संबंध में निर्देश दिये कि जिन हितग्राहियों को प्रथम किश्त प्रदान कर दी गई है उनके द्वारा 45 दिनों के भीतर यदि उपयोगिता के साथ द्वितीय किश्त की मांग नहीं की गई है तो ऐसे हितग्राहियों का वेरीफिकेशन करें। इस अवसर पर संबल सत्यापन, खेत तालाब, निजी खेतों में फालोद्यान, तालाब निर्माण की समीक्षा कर खेत तालाब बनाने वाले हितग्राहियों का वेरीफिकेशन कराने के निर्देश भी दिये। उन्होंने बैठक में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति कर, जल कर एवं स्वच्छता कर की वसूली की भी समीक्षा की। साथ ही जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के वसूली के लंबित प्रकरणों में वसूली बढ़ाने के निर्देश भी दिये।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ संतोष टैगोर, अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर अर्चना कुमारी, शाजापुर मनीषा वास्कले व गुलाना सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, डिप्टी कलेक्टर राजकुमार हलदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
